Aapka Rajasthan

तेलंगाना में एसबीआई के एटीएम चोरों के निशाने पर, करीमनगर में दो मशीनों को गैस कटर से काटकर ले गए कैश

हैदराबाद, 20 सितंबर (आईएएनएस)। तेलंगाना के करीमनगर शहर में रविवार तड़के चोर अलग-अलग इलाकों में लगे भारतीय स्टेट बैंक के दो एटीएम को गैस कटर से काटकर कैश ले गए। ये चोरी करीमनगर ग्रामीण थाना क्षेत्र के दुर्शेद और एलएमडी थाना क्षेत्र के थिम्मापुर में हुई। दोनों वारदात सीसीटीवी में कैद हो गईं।
 

हैदराबाद, 20 सितंबर (आईएएनएस)। तेलंगाना के करीमनगर शहर में रविवार तड़के चोर अलग-अलग इलाकों में लगे भारतीय स्टेट बैंक के दो एटीएम को गैस कटर से काटकर कैश ले गए। ये चोरी करीमनगर ग्रामीण थाना क्षेत्र के दुर्शेद और एलएमडी थाना क्षेत्र के थिम्मापुर में हुई। दोनों वारदात सीसीटीवी में कैद हो गईं।

दुर्शेद में बदमाशों ने एटीएम से कैश चुराने से पहले सीसीटीवी कैमरों पर लिक्विड स्प्रे कर दिया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक महिला की संलिप्तता की पहचान की है।

दुर्शेद एटीएम में चोरी का अलार्म दिल्ली में एसबीआई ऑफिस में बजा, जिसके बाद स्थानीय एसबीआई अधिकारियों को अलर्ट किया गया।

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि दुर्शेद एटीएम पर दो चोर, जिनमें एक महिला शामिल है, कार से पहुंचे थे। वे सुबह करीब 3.30 बजे एटीएम रूम में घुसे। आरोपियों ने टोपी, चश्मा, दस्ताने और मास्क पहना हुआ था।

मशीन को नुकसान पहुंचाने के बाद वे एटीएम में रखे 8 लाख रुपए लेकर चले गए। दूसरे एटीएम से कितनी रकम चोरी हुई है, इसका अभी पता नहीं चल पाया है।

पुलिस ने दो अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। जांच अधिकारी सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर रहे हैं और घटनास्थल से अन्य सबूत भी जुटा रहे हैं।

अपराधियों ने महाराष्ट्र नंबर की गाड़ी का इस्तेमाल किया था। पुलिस गाड़ी का पता लगाने के लिए कार्रवाई कर रही है। गाड़ी की आवाजाही पर नजर रखने के लिए टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।

तेलंगाना में एटीएम चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। मई में चोरों ने महबूबनगर शहर में एसबीआई के एक एटीएम को नुकसान पहुंचाया था और 2.30 लाख रुपए लेकर फरार हो गए थे। तीन चोरों ने गैस कटर से मशीन काटी थी।

उन्होंने सिर्फ सात मिनट में पूरी वारदात को अंजाम दिया था और बिना नंबर प्लेट वाली एसयूवी में भाग गए थे। चोरी करने से पहले अपराधियों ने पहचान से बचने के लिए एटीएम सेंटर के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे और अन्य उपकरणों को भी नुकसान पहुंचाया था।

एटीएम चोरी की इन लगातार घटनाओं ने पुलिस के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। पुलिस अधिकारी एटीएम पर सुरक्षा बढ़ाने के लिए बैंक अधिकारियों के साथ नियमित बैठकें कर रहे हैं।

--आईएएनएस

वीकेयू/वीसी