बीएसएनएल की कोर सर्विस रेवेन्यू पहली तिमाही में 10 प्रतिशत बढ़कर 4,418 करोड़ रुपए पहुंची
नई दिल्ली, 13 जुलाई (आईएएनएस)। सरकारी दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल ने सोमवार को वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में अपनी मुख्य सेवा (कोर सर्विस) से होने वाली आय में 10 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की है, और कंपनी की कोर सर्विस रेवेन्यू बढ़कर 4,418 करोड़ रुपए हो गई, जिसका प्रमुख कारण एंटरप्राइज बिजनेस और मोबाइल सेवाओं का मजबूत प्रदर्शन रहा।
पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी की कोर सर्विस आय 4,017 करोड़ रुपए थी। इस बार एंटरप्राइज बिजनेस और कंज्यूमर मोबिलिटी (मोबाइल सेवाएं) कंपनी की आय बढ़ाने वाले प्रमुख क्षेत्र रहे।
कंपनी के प्रदर्शन की समीक्षा केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने की। उन्होंने अप्रैल-जून तिमाही के दौरान देश के सभी 28 दूरसंचार सर्किलों के कारोबार और परिचालन प्रदर्शन का आकलन करने के लिए आयोजित रणनीतिक समीक्षा एवं योजना बैठक की अध्यक्षता की।
सिंधिया ने इसे वित्त वर्ष की मजबूत शुरुआत बताते हुए कहा कि बीएसएनएल के तीनों प्रमुख बिजनेस इंजन बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने सभी सर्किलों से अनुशासित क्रियान्वयन और निरंतर निगरानी के जरिए इस रफ्तार को पूरे वर्ष बनाए रखने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, "बीएसएनएल के तीनों बिजनेस इंजन पूरी क्षमता के साथ काम कर रहे हैं। यह वित्त वर्ष की उत्साहजनक शुरुआत है, लेकिन हमारा लक्ष्य पूरे साल इस गति को बनाए रखना है। स्थायी विकास अनुशासित कार्यान्वयन, लगातार निगरानी और ग्राहकों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता से ही संभव है।"
कंपनी के विभिन्न कारोबारी क्षेत्रों में एंटरप्राइज बिजनेस ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। इस सेगमेंट की आय 19.2 प्रतिशत बढ़कर 1,745 करोड़ रुपए हो गई, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 1,463 करोड़ रुपए थी।
वहीं, कंज्यूमर मोबिलिटी से कंपनी को 1,724 करोड़ रुपए की आय हुई, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही के 1,594 करोड़ रुपए की तुलना में 8 प्रतिशत अधिक है।
इसके अलावा, कंज्यूमर फिक्स्ड एक्सेस (लैंडलाइन और ब्रॉडबैंड सेवाएं) से कंपनी की रेवेन्यू 960 करोड़ रुपए रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 948 करोड़ रुपए थी।
समीक्षा बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने जम्मू-कश्मीर, झारखंड, उत्तर प्रदेश (पश्चिम) और कर्नाटक को प्रमुख परिचालन मानकों पर सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले बीएसएनएल सर्किलों के रूप में सम्मानित किया।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि अब बीएसएनएल के परिवर्तन के अगले चरण में बेहतर ग्राहक अनुभव और परिचालन उत्कृष्टता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने सभी सर्किलों को निर्देश दिया कि वे ऑप्टिकल लाइन टर्मिनल (ओएलटी) अपटाइम, बेस ट्रांसीवर स्टेशन (बीटीएस) अपटाइम और मरम्मत में लगने वाले औसत समय (एमटीटीआर) जैसे सेवा गुणवत्ता संकेतकों में सुधार करें, ताकि नेटवर्क की विश्वसनीयता बढ़े और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
--आईएएनएस
डीबीपी
