मुंबई के शेल्टर होम में बर्बरता: देर से जागने पर नाबालिगों के साथ मारपीट, केयरटेकर पर केस दर्ज
मुंबई, 30 जून (आईएएनएस)। पुलिस ने महाराष्ट्र के मुंबई में कांदिवली वेस्ट स्थित 'स्वागत आश्रम' के 21 वर्षीय केयरटेकर राजेश कुमार के खिलाफ दो नाबालिगों के साथ कथित तौर पर मारपीट करने का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि एक नाबालिग और उसके भाई को देर से जागने की वजह से गला पकड़कर कई बार थप्पड़ मारे।
घटना उस वक्त सामने आई जब दो बच्चे शेल्टर होम से भाग गए। दादर रेलवे पुलिस ने उन्हें बचाया। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की। पीड़ित के बयान के अनुसार, सितंबर 2025 में पिता की मौत के बाद बच्चे आश्रम में रह रहे थे।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 8 जून को सुबह करीब 4 बजे उसे और उसके चचेरे भाई को आश्रम में पानी भरने का काम सौंपा गया था। सुबह करीब 5 बजे काम पूरा करने के बाद, वे यह सोचकर वापस सो गए कि सुबह 6 बजे किचन के काम के लिए उठेंगे। लेकिन, थके होने के कारण वे समय पर नहीं उठ पाए।
देरी होने से नाराज होकर केयरटेकर ने कथित तौर पर एक लड़के पर बोतल फेंकी। फिर उसने 11 साल के बच्चे की पीठ पर कई बार मुक्के मारे। जब बच्चा मुड़ा, तो आरोपी ने कथित तौर पर उसका गला पकड़ लिया और उसके चेहरे पर कई थप्पड़ मारे।
शिकायत के अनुसार, पीड़ित ने पुलिस को बताया कि शेल्टर होम में बच्चों के साथ लगातार दुर्व्यवहार और मारपीट की जाती थी। और हिंसा के डर से, 11 साल के बच्चे और उसके 14 साल के दोस्त ने वहां से भागने का फैसला किया।
आश्रम छोड़ने के बाद, पीड़ित ने केयरटेकर का नाम बताकर एक सब्जी वाले से 100 रुपये उधार लिए। फिर दोनों लड़के ऑटो-रिक्शा से कांदिवली रेलवे स्टेशन गए और दादर जाने वाली लोकल ट्रेन में सवार हो गए। बताया जा रहा है कि वे आगे अहिल्यानगर जाकर पीड़ित की मां से मिलने की योजना बना रहे थे।
एक शख्स ने दादर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 13 पर लड़कों को घूमते हुए देखा तो रेलवे पुलिस को सूचना दी। अधिकारियों ने बच्चों को अपनी कस्टडी में लिया। पुलिस को शेल्टर होम में हो रहे कथित दुर्व्यवहार का पता चला।
इसके बाद पुलिस ने लड़कों की मां से संपर्क किया और 'स्वागत आश्रम' के अधिकारियों को सूचित किया। मेडिकल जांच के बाद, दोनों बच्चों को एक सुरक्षित चिल्ड्रेन होम में भेज दिया गया। चाइल्ड वेलफेयर कमेटी, मुंबई सिटी के निर्देशों के बाद, पुलिस ने राजेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया। कथित मारपीट और शेल्टर होम के कामकाज की आगे की जांच की जा रही है।
--आईएएनएस
एसडी/एएस
