Aapka Rajasthan

यूरोप में बम की धमकियों से हवाई सेवाएं प्रभावित, कई उड़ानों की इमरजेंसी लैंडिंग

लंदन, 5 नवंबर (आईएएनएस)। यूरोप के कई देशों में गुरुवार को एक दर्जन से अधिक यात्री विमानों को बम की धमकियां मिलीं, जिसके कारण कई उड़ानों का मार्ग बदलना पड़ा और विभिन्न हवाई अड्डों पर व्यापक सुरक्षा जांच की गई।
 

लंदन, 5 नवंबर (आईएएनएस)। यूरोप के कई देशों में गुरुवार को एक दर्जन से अधिक यात्री विमानों को बम की धमकियां मिलीं, जिसके कारण कई उड़ानों का मार्ग बदलना पड़ा और विभिन्न हवाई अड्डों पर व्यापक सुरक्षा जांच की गई।

एयर लिंगस का एक एयरबस ए320 विमान जो डबलिन से रोम जा रहा था, उसे बम की धमकी मिलने के बाद फ्रांस के एव्रू स्थित एक सैन्य एयरबेस पर उतारा गया। विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और उसमें सवार 151 यात्रियों तथा छह चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसके बाद सैन्य बम निरोधक दस्तों ने विमान की जांच की।

बुल्गारिया में राजधानी सोफिया जाने वाली रयानएयर की तीन उड़ानों को गुरुवार सुबह बम की धमकियां मिलीं। कोपेनहेगन और मैड्रिड से आने वाली उड़ानें सुरक्षित रूप से सोफिया पहुंच गईं, जबकि लंदन स्टैनस्टेड से आ रही एक उड़ान को प्लोवदिव हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया। जांच के दौरान किसी भी विमान में कोई खतरनाक वस्तु नहीं मिली।

पोलैंड में पेरिस जाने वाली एलओटी पोलिश एयरलाइंस की एक उड़ान को वारसॉ चोपिन हवाई अड्डे पर रनवे की ओर बढ़ते समय रोक दिया गया। विमान में संदिग्ध वस्तु होने की सूचना मिलने के बाद उसे जांच के लिए अलग स्थान पर ले जाया गया और एक रनवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। हालांकि, जांच में कोई खतरनाक वस्तु नहीं मिली और बाद में हवाई अड्डे का संचालन सामान्य हो गया।

एलओटी की एक अन्य उड़ान को भी सुरक्षा संबंधी धमकी मिली, ये विमान वारसॉ से ब्रुसेल्स जा रहा था। विमान सुरक्षित रूप से ब्रुसेल्स हवाई अड्डे पर उतरा, जहां अतिरिक्त जांच में भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई।

इटली के मिलान से वारसॉ जा रही विज एयर की एक उड़ान को बम की धमकी के बाद वियना की ओर मोड़ दिया गया। वहीं हेलसिंकी से रोम और वियना जा रही फिनएयर की दो उड़ानें भी निशाने पर रहीं। दोनों विमान सुरक्षित उतरे, जबकि रोम जाने वाली उड़ान को इटली के सैन्य लड़ाकू विमानों ने एस्कॉर्ट किया।

रोमानिया में मिलान से बुखारेस्ट जा रही विज एयर की एक उड़ान को भी बम की धमकी मिली। विमान सुरक्षित रूप से हेनरी कोआंडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। इसके बाद 182 यात्रियों और सात चालक दल के सदस्यों को बाहर निकाला गया और सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की जांच की।

चेक गणराज्य की पुलिस ने भी प्राग आने वाले चार विमानों को बम की धमकी मिलने की जानकारी दी। हालांकि, पुलिस ने इन धमकियों को कम विश्वसनीय माना, फिर भी सुरक्षा उपाय लागू किए गए और विमानों के उतरने के बाद उनकी जांच कराई गई।

यूरोपीय संघ विमानन सुरक्षा एजेंसी ने कहा कि वह इन घटनाक्रमों पर लगातार नजर रखेगी और हवाई सुरक्षा पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों का आकलन करेगी।

वहीं, यूरोपोल की उप-प्रवक्ता क्लेयर जॉर्जेस ने कहा कि यदि इन धमकियों का संबंध संगठित अपराध या आतंकवाद से पाया जाता है तो एजेंसी संबंधित देशों की मदद करने के लिए तैयार है। यूरोपोल देशों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान और संभावित संबंधों की पहचान करने में सहयोग देगा।

बता दें कि इससे पहले मंगलवार को भी पूरे यूरोप में इसी तरह की कई घटनाएं सामने आई थीं। उस दिन कम से कम सात यात्री विमानों और एक क्रूज जहाज को बम की धमकियां मिली थीं।

प्रभावित उड़ानों में वारसॉ जाने वाली दो, रोम जाने वाली दो, सोफिया जाने वाली दो और स्पेन के मर्सिया जाने वाली एक उड़ान शामिल थी। वहीं इजराइल जा रहे एक क्रूज जहाज की ग्रीस के साइरोस द्वीप के पास बम की धमकी मिलने के बाद तलाशी ली गई थी।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी