केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने सीएम सतीशन के फोन टैपिंग के दावे पर उठाए सवाल, मांगा स्पष्टीकरण
तिरुवनंतपुरम, 27 नवंबर (आईएएनएस)। केरल भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री वीडी सतीशन के फोन टैपिंग की आशंकाओं को लेकर सवाल उठाया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पूछा कि क्या उन्हें संदेह है कि राज्य पुलिस या गृह विभाग उनकी बातचीत की निगरानी कर रहा है।
आरोपों और कांग्रेस के भीतर कथित गुटबाजी पर प्रतिक्रिया देते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि मुख्यमंत्री सतीशन को स्पष्ट करना चाहिए कि उन्हें किस पर फोन टैपिंग का शक है।
न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए उन्होंने कहा, "जब मैं कांग्रेस पार्टी और उसके षड्यंत्र के सिद्धांतों को सुनता हूं तो मेरी हंसी कभी नहीं रुकती। वे राज्य के मुख्यमंत्री हैं। क्या वे यह कह रहे हैं कि उनके गृह मंत्री और राज्य पुलिस उनका फोन टैप कर रहे हैं?"
उन्होंने कांग्रेस के भीतर कथित गुटबाजी का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि वरिष्ठ सांसद खुलेआम एक-दूसरे की आलोचना कर रहे हैं और नए प्रदेश पार्टी अध्यक्ष की नियुक्ति का विरोध कर रहे हैं।
केरल भाजपा अध्यक्ष ने कहा, "कांग्रेस में गुटबाजी पूरी तरह से फूट पड़ी है, वरिष्ठ सांसद एक-दूसरे को गाली दे रहे हैं और नए प्रदेश अध्यक्ष का विरोध कर रहे हैं। उन्हें साफ तौर पर सामने आकर बताना चाहिए कि क्या केरल पुलिस या गृह मंत्री उनका फोन टैप कर रहे हैं।"
इससे पहले, मुख्यमंत्री सतीशन ने दावा किया था कि लोग लगातार निगरानी में जी रहे हैं और उनका फोन भी टैप किया जा रहा है। संविधान दिवस के कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे कभी-कभी जानबूझकर फोन पर गलत जानकारी साझा करते हैं, ताकि सुनने वालों को गुमराह किया जा सके। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि कथित निगरानी के लिए वे किसे जिम्मेदार मानते हैं।
उन्होंने जॉर्ज ऑरवेल के उपन्यास '1984' को पढ़ने का भी जिक्र किया था और कहा कि नागरिकों पर हर जगह नजर रखने वाले राज्य के चित्रण ने उन्हें लगभग एक महीने तक चिंतित और असुरक्षित महसूस कराया था।
इस बीच, पूर्व सीपीआई-एम नेता और पूर्व मंत्री एम.बी. राजेश ने मुख्यमंत्री की टिप्पणी को गंभीर बताते हुए कहा कि यह इस बात की स्वीकृति है कि फोन टैपिंग हो रही है।
पूर्व मंत्री एमबी राजेश ने पहले की मीडिया रिपोर्टों का हवाला दिया, जिनमें आरोप लगाया गया था कि कांग्रेस के भीतर गुटबाजी के बीच सैकड़ों कांग्रेस और सीपीआई-एम नेताओं के फोन की निगरानी की जा रही थी।
उन्होंने सुझाव दिया कि मुख्यमंत्री सतीशन का बयान कथित निगरानी का खुद को शिकार बताने की कोशिश हो सकती है। एमबी राजेश ने मांग की कि वे जिम्मेदार लोगों की पहचान बताएं।
पूर्व मंत्री ने यह भी याद दिलाया कि सतीशन ने जब वे विपक्ष के नेता थे, तब इस बात पर अनिश्चितता जताई थी कि फोन टैपिंग तिरुवनंतपुरम से हो रही है या दिल्ली से। सीपीआई-एम नेता ने कहा, "उन्हें (वीडी सतीशन) बताना होगा कि इसके पीछे कौन है।"
--आईएएनएस
केके/डीकेपी
