Aapka Rajasthan

भाजपा का घोषणापत्र सिर्फ दिखावा: कांग्रेस नेता बोरठाकुर

गुवाहाटी, 31 मार्च (आईएएनएस)। असम में आगामी चुनावों को लेकर सियासी माहौल गरमाता जा रहा है। कांग्रेस नेता मीरा बोरठाकुर ने मंगलवार को भाजपा के चुनावी घोषणापत्र पर तीखा हमला करते हुए इसे “सिर्फ दिखावा” करार दिया।
 
भाजपा का घोषणापत्र सिर्फ दिखावा: कांग्रेस नेता बोरठाकुर

गुवाहाटी, 31 मार्च (आईएएनएस)। असम में आगामी चुनावों को लेकर सियासी माहौल गरमाता जा रहा है। कांग्रेस नेता मीरा बोरठाकुर ने मंगलवार को भाजपा के चुनावी घोषणापत्र पर तीखा हमला करते हुए इसे “सिर्फ दिखावा” करार दिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने विजन डॉक्यूमेंट में असम की सुरक्षा और घुसपैठियों को बाहर करने जैसे कई वादे किए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इनका कोई असर दिखाई नहीं देता।

बोरठाकुर ने कहा, “घोषणापत्र में बहुत कुछ लिखा गया है, लेकिन असल में कोई काम नहीं हुआ है।” उन्होंने सत्तारूढ़ पार्टी के कामकाज पर सवाल उठाए।

इस दौरान उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार पर कथित हमले की भी कड़ी निंदा की और भाजपा कार्यकर्ताओं पर हिंसा में शामिल होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “इस तरह की घटनाएं स्वीकार्य नहीं हैं। हम अपने उम्मीदवार पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हैं।”

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के पाकिस्तान में संपत्ति से जुड़े आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए बोरठाकुर ने इन दावों को राजनीतिक साजिश बताया। उन्होंने कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा राजनीतिक जमीन खिसकने के डर से ऐसे बयान दे रहे हैं।

उन्होंने कहा, “गौरव गोगोई को समर्थन मिल रहा है और उनके सत्ता में आने की संभावना से डरकर ऐसे आरोप लगाए जा रहे हैं।”

चुनावी मुकाबले को लेकर बोरठाकुर ने कांग्रेस की स्थिति मजबूत बताते हुए दावा किया कि पार्टी सभी सीटों पर बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेता प्रद्युत बोरदोलोई तीसरे स्थान पर रहेंगे, जबकि जयंत दास जैसे नेता कड़े मुकाबले में अहम दावेदार होंगे।

सांस्कृतिक मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने लोकप्रिय असमिया गायक जुबिन गर्ग का जिक्र किया और कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो 100 दिनों के भीतर न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस अपने वादे पूरे करती है। जुबिन गर्ग असम के दिल की धड़कन हैं और किसी एक व्यक्ति के नहीं हैं।”

भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप के बीच असम में चुनावी मुकाबला लगातार तेज होता जा रहा है।

--आईएएनएस

डीएससी