Aapka Rajasthan

भ्रष्टाचार के आरोप साबित होने पर होगी कार्रवाई; बंगाल भाजपा प्रमुख की कार्यकर्ताओं को चेतावनी

कोलकाता, 25 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सामिक भट्टाचार्य ने मंगलवार को पार्टी की राज्य इकाई के अलग-अलग संगठनात्मक वाट्सअप ग्रुप में एक संदेश भेजा। इसमें उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी कि अगर उन पर भ्रष्टाचार के आरोप या भ्रष्टाचार में शामिल होने की बात साबित होती है, तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
 

कोलकाता, 25 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सामिक भट्टाचार्य ने मंगलवार को पार्टी की राज्य इकाई के अलग-अलग संगठनात्मक वाट्सअप ग्रुप में एक संदेश भेजा। इसमें उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी कि अगर उन पर भ्रष्टाचार के आरोप या भ्रष्टाचार में शामिल होने की बात साबित होती है, तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बंगाली भाषा में लिखे एक पत्र जैसे संदेश में, भट्टाचार्य ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को भ्रष्टाचार के प्रति भाजपा के "जीरो-टॉलरेंस" (बिल्कुल बर्दाश्त न करने) वाले रवैये की याद दिलाई।

संदेश की शुरुआती लाइन में कहा गया, "राज्य, जिला, क्षेत्रीय, मंडल और बूथ स्तर पर मौजूद सभी भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों, भाइयों और बहनों। हमेशा याद रखें कि ईमानदारी, पारदर्शिता और विचारधारा ही बीजेपी की मुख्य ताकत हैं।"

अपने संदेश में भट्टाचार्य ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की "जीरो-टॉलरेंस पॉलिसी" और देश सेवा का संकल्प ही भाजपा के काम करने के तरीके का मुख्य आधार है।

संदेश में कहा गया, "हाल ही में, पत्रों और संदेशों के जरिए मुझे अलग-अलग स्तरों पर पार्टी कार्यकर्ताओं की कुछ गलत गतिविधियों और अनियमितताओं के बारे में जानकारी मिली है। बूथ स्तर से लेकर राज्य स्तर तक -- यह बात हर सदस्य पर लागू होती है कि अगर कोई व्यक्ति पार्टी की नीति से हटकर किसी अनैतिक या भ्रष्ट काम में शामिल होता है, तो पार्टी उसकी जिम्मेदारी कभी नहीं लेगी।"

संदेश में राज्य भाजपा अध्यक्ष ने साफ तौर पर कहा कि अगर भ्रष्टाचार या गलत काम का जरा भी सबूत मिलता है, तो पार्टी नेतृत्व किसी भी स्तर के नेता या कार्यकर्ता के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगा।

भट्टाचार्य के संदेश में कहा गया, "बहुत सावधान रहें कि निजी फायदे के लिए किए गए आपके कामों से पार्टी की छवि और कार्यकर्ताओं के लंबे समय से किए गए त्याग पर कोई दाग न लगे। हमेशा याद रखें कि जनसेवा ही हमारा एकमात्र लक्ष्य है कि आम लोगों का भरोसा बनाए रखते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ काम करना पार्टी के हर पदाधिकारी की जिम्मेदारी है। आइए, हम सब मिलकर ईमानदारी और निष्ठा के साथ पार्टी का सम्मान बनाए रखने के लिए काम करें।"

यह पहली बार नहीं है जब भट्टाचार्य ने इस मामले में चेतावनी जारी की है।

हालांकि, यह पहली बार है जब उन्होंने वाट्सअप संदेश के जरिेए सभी स्तरों पर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को इस मामले में कोई निर्देश दिया है।

इससे पहले, पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी और राज्य की नगर मामलों और शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने भी इसी तरह की चेतावनी जारी की थी।

--आईएएनएस

एससीएच