'भाजपा ने हरियाणा को पेपर लीक का हब बना दिया', भूपेंद्र हुड्डा ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग का किया समर्थन
चंडीगढ़, 22 जुलाई (आईएएनएस)। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बुधवार को नीट पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने हरियाणा को "पेपर लीक का हब" बना दिया है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय सरकार उन्हें संरक्षण दे रही है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का भी समर्थन किया।
राहुल गांधी के नेतृत्व में छात्रों के समर्थन में हुए प्रदर्शन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए हुड्डा ने कहा कि जनहित के मुद्दों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना हर नागरिक और जनप्रतिनिधि का अधिकार और जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छात्रों और विपक्ष की ओर से उठाई गई मांगें पूरी तरह जायज हैं।
हुड्डा ने कहा कि आज पूरा देश केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है, लेकिन केंद्र सरकार इस पर अड़ी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस्तीफा लेने के बजाय विपक्ष और जनता की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस पिछले करीब 12 वर्षों से हरियाणा में पेपर लीक के मामलों को लगातार उठाती रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने कई मामलों में जांच तो शुरू की, लेकिन न तो जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की गई और न ही दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई हुई। उन्होंने कहा कि हरियाणा हो या केंद्र, दोनों जगह सरकार पेपर लीक के जिम्मेदार लोगों को बचाने का काम कर रही है, इसलिए सरकार की जवाबदेही तय होना जरूरी है।
हुड्डा ने कहा कि इसी वजह से देशभर के छात्र परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों से संवाद करने और उनकी मांगें मानने के बजाय उन पर लाठीचार्ज कर रही है, जिसकी वह कड़ी निंदा करते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस देशभर की तरह हरियाणा में भी सड़क से लेकर विधानसभा तक इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी।
किसानों से जुड़े सवाल पर हुड्डा ने कहा कि अमेरिका के साथ कृषि उत्पादों से जुड़ा कोई भी समझौता भारत के हित में नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि समझौते की सभी शर्तें सामने आने के बाद ही वह विस्तृत टिप्पणी करेंगे। फिलहाल सरकार को किसानों से किए गए वादे पूरे करने और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने पर ध्यान देना चाहिए।
भाजपा द्वारा कांग्रेस मुख्यालय के बाहर किए जा रहे प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा कि यह वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि भाजपा को पेपर लीक के सवालों का जवाब देना चाहिए, लेकिन वह विपक्ष के खिलाफ प्रदर्शन कर राजनीतिक नाटक कर रही है।
--आईएएनएस
डीएससी
