कर्नाटक में भाजपा ने निकाली 'सेवा संकल्प यात्रा' और 'विजय संकल्प यात्रा', कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
कोलार, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई ने शुक्रवार को कोलार जिले के बागेपल्ली में 'सेवा संकल्प यात्रा' और 'विजय संकल्प यात्रा' का आयोजन किया। पार्टी के जनसंपर्क और संगठनात्मक कार्यक्रमों के तहत आयोजित यात्राओं में बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य जमीनी स्तर पर पार्टी संगठन को मजबूत करना और किसानों, गरीब परिवारों तथा ग्रामीण समुदायों से जुड़े मुद्दों को उठाना था।
यात्रा के तहत आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि सत्ता में तीन साल पूरे करने के बावजूद कांग्रेस सरकार किसानों, गरीबों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं का उचित समाधान करने में विफल रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने जो वादे किए थे और सत्ता में आने के बाद उन्हें जिस तरह लागू किया गया, उसमें इतना अंतर क्यों है? सूखे और फसलों को हुए नुकसान के कारण किसान मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार किसानों को पर्याप्त मुआवजा देने में विफल रही है।
उन्होंने कहा, “भाजपा लगातार मांग कर रही है कि किसानों को फसलों नुकसान के लिए कम से कम 50 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर का मुआवजा दिया जाए और सभी लंबित मुआवजे की राशि तुरंत जारी की जाए।”
विजयेंद्र ने कहा कि कल्याण कर्नाटक सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में भाजपा की पदयात्राएं केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं हैं, बल्कि इनका उद्देश्य किसानों, गरीबों, घुमंतू समुदायों और ग्रामीण लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना है।
उन्होंने कहा कि पार्टी इन समस्याओं को सरकार के सामने लाने की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन से ग्रामीण परिवारों की परेशानियों पर ध्यान देने की अपील की। विजयेंद्र ने कहा, ''सिर्फ घोषणाएं करने से लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता।''
उन्होंने आरोप लगाया कि गारंटी योजनाओं को प्राथमिकता से पैसा दिए जाने के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल, कॉलेज, सड़क और सिंचाई से जुड़ी परियोजनाओं का काम पर्याप्त गति से आगे नहीं बढ़ रहा है।
उन्होंने गरीब परिवारों को मकान उपलब्ध कराने और पेंशन एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभ की राशि देने में भी देरी का आरोप लगाया।
विजयेंद्र ने कहा कि सरकार को राज्य के विकास, किसानों की समस्याओं और गरीबों की परेशानियों को लेकर चिंतित होना चाहिए। केंद्र सरकार भ्रष्टाचार मुक्त शासन पर ध्यान दे रही है और किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं गरीबों के लिए विभिन्न योजनाएं लागू कर रही है।
उन्होंने आगामी जिला पंचायत और तालुका पंचायत चुनावों को देखते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं से पार्टी के संगठनात्मक नेटवर्क को और मजबूत करने की अपील की।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम
