भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रमुख को मिली जान से मारने की धमकी, 1 करोड़ की फिरौती की मांग
नागपुर, 29 मई (आईएएनएस)। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी को कथित तौर पर व्हाट्सएप मैसेज के माध्यम से जान से मारने की धमकियां मिली हैं और उनके फिरौती की मांग की गई हैं। भाजपा नेता ने इस मामले में नागपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
धमकी भरे संदेश 25 से 27 मई के बीच मोबाइल नंबर 8899162823 से भेजे गए थे, जिसके बाद सिद्दीकी ने पुलिस से संपर्क किया।
एफआईआर के अनुसार, अज्ञात आरोपियों ने यूपीआई और बैंक ट्रांसफर के माध्यम से 50 लाख रुपए से लेकर 1 करोड़ रुपए तक की रकम की मांग की है।
मैसेज भेजने वाले ने पैसे का भुगतान न करने पर कथित तौर पर सिद्दीकी और उनके परिवार के सदस्यों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी है।
मैसेज में बम विस्फोटों और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की टारगेट किलिंग्स का भी जिक्र था, जिसमें दावा किया गया था कि ये हमले इसलिए किए जाएंगे क्योंकि उन नेताओं ने मैसेज भेजने वाले का अपमान किया था।
आरोपी ने धमकी भरे मैसेज में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, सचिन पायलट और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के नाम लिए हैं।
सिद्दीकी ने पुलिस को कई व्हाट्सएप स्क्रीनशॉट, चैट लॉग और अन्य डिजिटल सबूत सौंपे हैं।
नागपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(5), 351(2) और 351(3) के तहत आपराधिक धमकी और जबरन वसूली के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज किया है।
मोबाइल नंबर के स्रोत का पता लगाने और कॉल रिकॉर्ड विश्लेषण, आईपी एड्रेस ट्रैकिंग और साइबर फोरेंसिक जांच के माध्यम से प्रेषक की पहचान करने के लिए जांच जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की प्राथमिकता के आधार पर जांच के लिए टीमें लगाई गई हैं।
--आईएएनएस
एमएस/
