बंगाल चुनावः प्रचार के दौरान भाजपा उम्मीदवार दलीम रॉय हुए घायल
कोलकाता, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के मैनागुड़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार दलीम रॉय सोमवार शाम को चुनाव प्रचार के दौरान घायल हो गए। पार्टी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। फिलहाल दलीम की हालत में सुधार है और डॉक्टर ने आराम करने की सलाह दी है।
भाजपा के अनुसार, दलीम रॉय सोमवार दोपहर मैनागुड़ी स्टेशन चौराहे के पास के इलाके में चुनाव प्रचार कर रहे थे। उसी दौरान एक दुकान में प्रवेश करते समय एक दुर्घटना हुई। दुकान की टीन की छत से उनका सिर टकरा गया, जिससे उनके माथे पर गहरा घाव हो गया और खून बहने लगा। कार्यकर्ता और समर्थक उन्हें तुरंत मैनागुड़ी ग्रामीण अस्पताल ले गए, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
भाजपा के जलपाईगुड़ी जिला समिति सदस्य चंचल सरकार ने बताया, "हम चुनाव प्रचार कर रहे थे। चुनाव प्रचार का आखिरी दौर चल रहा है। स्टेशन चौराहे पर चुनाव प्रचार अपने अंतिम चरण में था। वह एक दवा की दुकान पर जनसंपर्क कर रहे थे। बरामदे की छत थोड़ी नीची थी और दुकान में घुसते समय उनका सिर टीन की छत से टकरा गया। उनके माथे पर गहरे घाव हो गए और खून बहने लगा। इसके बाद उन्हें मायनागुड़ी ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया।"
भाजपा नेता के अनुसार, दलीम रॉय को कुछ दिनों के आराम के लिए कहा गया है। हालांकि, भाजपा नेताओं ने कहा कि वे जल्द ही चुनाव प्रचार शुरू करेंगे। बाद में रॉय ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात की। मैनागुड़ी में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होगा।
गौरतलब है कि मैनागुड़ी से भाजपा के टिकट की मांग के बीच केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने दलीम रॉय को पार्टी का एकमात्र आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर नामांकन को लेकर सभी भ्रमों को दूर कर दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद भाजपा द्वारा पहले घोषित प्रत्याशी कौशिक रॉय की जगह दलीम रॉय को उम्मीदवार बनाए जाने पर विवाद खड़ा हो गया था।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम
