पश्चिम बंगाल निकाय चुनाव: भाजपा 23 अक्टूबर की बैठक में उम्मीदवारों के नाम कर सकती है तय
कोलकाता, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 23 अक्टूबर को होने वाली अपनी महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में सात शहरी नगर निकायों के आगामी चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दे सकती है।
सूत्रों के अनुसार, पश्चिम बंगाल के लिए पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल शुक्रवार को होने वाली बैठक में शामिल होंगे।
राज्य समिति के एक अंदरूनी सूत्र ने बताया, “बैठक में वे उम्मीदवारों की सूची और आगामी नगर निगम चुनावों की तैयारियों पर चर्चा करेंगे। यदि सब कुछ ठीक रहा तो पार्टी 25 अक्टूबर को लक्ष्मी पूजा के तुरंत बाद सात शहरी नगर निकायों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर सकती है।”
कोलकाता नगर निगम और हावड़ा नगर निगम सहित इन सात शहरी नगर निकायों के लिए मतदान इस वर्ष नवंबर के अंतिम सप्ताह में होने की संभावना है और परिणाम दिसंबर के पहले सप्ताह में घोषित होने की उम्मीद है।
इन सात नगर निकायों के अलावा शेष नगर निगमों और नगरपालिकाओं के लिए मतदान अगले वर्ष फरवरी में निर्धारित है। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा का शीर्ष नेतृत्व इससे पहले राज्य में संगठनात्मक फेरबदल करने की योजना बना रहा है।
फेरबदल के तहत कई संगठनात्मक जिला अध्यक्षों को भी बदला जा सकता है। पार्टी के एक अंदरूनी सूत्र ने बताया, "उपलब्ध जानकारी के अनुसार अगले साल फरवरी से पहले राज्य में पार्टी के 10 संगठनात्मक जिला अध्यक्षों को बदला जा सकता है।"
इस बीच जहां भाजपा ने सात शहरी नगर निकाय चुनावों के लिए उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली है। वहीं ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली ममता अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (एमएआईटीसी) और रितब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाली लोकतांत्रिक तृणमूल कांग्रेस में इस मोर्चे पर कोई प्रगति नहीं हुई है। सीपीआई (एम) के नेतृत्व वाले वाम मोर्चे और कांग्रेस ने भी इस मामले पर अभी तक चुप्पी साध रखी है।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी
