Aapka Rajasthan

मोदी सरकार के 12 वर्षों में जम्मू-कश्मीर में लौटी सामान्य स्थिति, शांति और विकास: जितेंद्र सिंह

श्रीनगर, 23 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता संभालने के बाद पिछले 12 वर्षों में जम्मू-कश्मीर में सामान्य स्थिति, शांति और विकास की बहाली हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और युवाओं की सोच में भी बड़ा बदलाव आया है।
 

श्रीनगर, 23 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता संभालने के बाद पिछले 12 वर्षों में जम्मू-कश्मीर में सामान्य स्थिति, शांति और विकास की बहाली हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और युवाओं की सोच में भी बड़ा बदलाव आया है।

श्रीनगर में भाजपा पदाधिकारियों की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में जितेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक बैठकें पार्टी की पुरानी परंपरा का हिस्सा हैं और जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग हिस्सों में नियमित रूप से आयोजित होती रहती हैं। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में लंबे अंतराल के बाद इस तरह की बैठक आयोजित की गई है।

उन्होंने कहा, "पिछले 12 वर्षों में जम्मू-कश्मीर का माहौल पूरी तरह बदला है। यहां सामान्य स्थिति लौट रही है, शांति का वातावरण बना है और विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं।"

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कश्मीर का युवा अब महत्वाकांक्षी है और विकास की दौड़ में पीछे नहीं रहना चाहता। उन्होंने कहा कि आज कश्मीर में लैवेंडर की खेती हो रही है और 'पर्पल रिवोल्यूशन' का दौर चल रहा है। इसके अलावा नए बांधों का निर्माण भी हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के प्रधानमंत्री मोदी के विजन में जम्मू-कश्मीर की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

जितेंद्र सिंह ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस का भी उल्लेख करते हुए कहा कि आज से तीन वर्ष पहले, 23 अगस्त 2023 को चंद्रयान-3 ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग की थी। उन्होंने कहा कि भारत ने दुनिया में सबसे पहले दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचकर साबित किया कि देश में प्रतिभा की कमी कभी नहीं थी, बल्कि उसे सही नेतृत्व और अवसर की जरूरत थी।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी क्षेत्र के लिए खोल दिया है और तेजी से बढ़ती स्पेस इकोनॉमी के कारण भारत आज दुनिया के अग्रणी देशों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।

बैठक में भाजपा जम्मू-कश्मीर अध्यक्ष सत शर्मा, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा, पूर्व उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह, सांसद गुलाम अली खटाना सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

बैठक के बाद सुनील शर्मा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के सभी क्षेत्रों से पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसमें हिस्सा लिया और आगामी विधानसभा सत्र को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा की गई।

वहीं भाजपा सांसद गुलाम अली खटाना ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी कैडर आधारित पार्टी है और संगठनात्मक बैठकें उसके कामकाज का नियमित हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाला हिस्सा ही प्रदेश से जुड़ा एकमात्र लंबित मुद्दा है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति करने और राहुल गांधी पर युवाओं के विरोध प्रदर्शन का राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप लगाया।

--आईएएनएस

डीएससी