Aapka Rajasthan

त्रिपुरा और नागालैंड उपचुनाव : भाजपा ने उम्मीदवारों के नामों का किया ऐलान

अगरतला/कोहिमा, 19 मार्च (आईएएनएस)। पूर्वोत्तर के दो राज्यों त्रिपुरा और नागालैंड में होने वाले विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा ने गुरुवार को 9 अप्रैल को होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है।
 
त्रिपुरा और नागालैंड उपचुनाव : भाजपा ने उम्मीदवारों के नामों का किया ऐलान

अगरतला/कोहिमा, 19 मार्च (आईएएनएस)। पूर्वोत्तर के दो राज्यों त्रिपुरा और नागालैंड में होने वाले विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा ने गुरुवार को 9 अप्रैल को होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है।

अधिसूचना के अनुसार, दोनों राज्यों में नामांकन प्रक्रिया 16 मार्च से शुरू हो चुकी है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 23 मार्च तय की गई है। इसके बाद 24 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि उम्मीदवार 26 मार्च तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इन सीटों के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

भाजपा के महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी प्रेस बयान के मुताबिक, त्रिपुरा के उत्तर त्रिपुरा जिले की धर्मनगर विधानसभा सीट से जहार चक्रवर्ती को उम्मीदवार बनाया गया है। नागालैंड के मोकोकचुंग जिले की कोरिडांग विधानसभा सीट से दाओचियर आई. इमचेन पहली बार चुनावी मैदान में उतरेंगे।

अरुण सिंह ने बताया कि भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक बुधवार को पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में हुई थी। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य सदस्य भी मौजूद थे। बैठक में त्रिपुरा, नागालैंड, गोवा और कर्नाटक में होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम तय किए गए।

त्रिपुरा की धर्मनगर सीट से 59 वर्षीय जहार चक्रवर्ती दूसरी बार चुनाव लड़ेंगे। वे भाजपा के उत्तर त्रिपुरा जिला उपाध्यक्ष हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सक्रिय कार्यकर्ता माने जाते हैं। इससे पहले 2013 में भी उन्होंने इसी सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन तब कांग्रेस उम्मीदवार बिस्वा बंधु सेन से हार गए थे।

जहार चक्रवर्ती की पत्नी बरनाली गोस्वामी त्रिपुरा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रह चुकी हैं। इस बार उनका मुकाबला सीपीआई (एम) के नेतृत्व वाले वाम मोर्चे के उम्मीदवार और पूर्व विधायक अमिताभ दत्ता से होगा।

धर्मनगर सीट पर उपचुनाव इसलिए हो रहा है क्योंकि त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष बिस्वा बंधु सेन का 26 दिसंबर 2025 को बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। उस समय उनकी उम्र 72 वर्ष थी। बिस्वा बंधु सेन चार बार विधायक चुने गए थे। 2008 और 2013 में कांग्रेस के टिकट पर, जबकि 2018 और 2023 में भाजपा के उम्मीदवार के रूप में इसी सीट से जीत हासिल की थी। धर्मनगर विधानसभा क्षेत्र में कुल 46,143 मतदाता हैं, जिनमें 23,763 महिलाएं शामिल हैं।

वहीं, नागालैंड की कोरिडांग सीट से दाओचियर आई. इमचेन चुनाव लड़ेंगे। यह सीट लंबे समय तक उनके पिता और वरिष्ठ नागा नेता इमकॉन्ग एल. इमचेन के पास रही थी। उन्होंने 25 साल से ज्यादा समय तक इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।

कोरिडांग सीट पर उपचुनाव उनके निधन के कारण हो रहा है। इमकोंग एल. इमचेन का 11 नवंबर 2024 को गुवाहाटी के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। उस समय उनकी उम्र 75 वर्ष थी। वे पांच बार विधायक चुने गए, 2003 में निर्दलीय, फिर 2008, 2013, और 2018 में नागा पीपुल्स फ्रंट के टिकट पर, और 2023 में भाजपा के उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज की थी।

कोरिडांग विधानसभा क्षेत्र में कुल 22,390 मतदाता हैं, जिनमें 11,013 महिलाएं शामिल हैं।

--आईएएनएस

वीकेयू/एबीएम