Aapka Rajasthan

भूटान के प्रधानमंत्री ने 'इंडिया मेला 2026' में लिया हिस्सा, दोस्ती और एकजुटता का दिया संदेश

थिम्पू, 15 नवंबर (आईएएनएस)। भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने थिम्पू में आयोजित 'इंडिया मेला 2026' में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का दौरा किया, जहां भारत की कला, शिल्प, उत्पाद और खान-पान की झलक देखने को मिली।
 

थिम्पू, 15 नवंबर (आईएएनएस)। भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने थिम्पू में आयोजित 'इंडिया मेला 2026' में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का दौरा किया, जहां भारत की कला, शिल्प, उत्पाद और खान-पान की झलक देखने को मिली।

भूटान में भारतीय दूतावास ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर लिखा, "'इंडिया मेला 2026' में भारत और भारत-भूटान की दोस्ती का जश्न! भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे ने इस मेले में शिरकत की और भारतीय राजदूत के साथ स्टॉलों का दौरा किया, जहां भारत की विविध कलाओं, शिल्पों, उत्पादों और व्यंजनों को प्रदर्शित किया गया था।"

दूतावास ने कहा, "स्टॉलों पर 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' (ओडीओपी) के तहत बेहतरीन उत्पाद मौजूद थे। इनमें कूचबिहार की पारंपरिक 'शीतलपाटी' (शिल्प), सिक्किम की खूबसूरत 'थंगका' पेंटिंग, लकड़ी पर की गई बारीक नक्काशी, कॉस्मेटिक्स, हाथ से बने साबुन, कपड़े, हस्तशिल्प, स्किनकेयर उत्पाद, ट्रैवल पैकेज और लॉजिस्टिक्स सेवाएं शामिल थीं। लोगों की ओर से मिले उत्साहजनक रिस्पॉन्स के लिए हम उनके आभारी हैं।"

मेले में खाने-पीने के स्टॉलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उत्सव के माहौल को और भी शानदार बना दिया।

दूतावास ने बताया, "उत्सव के माहौल को और बढ़ाते हुए जेडीडब्‍ल्‍यूएनआरएच अस्पताल की नर्सों, रॉयल थिम्पू कॉलेज के शिक्षकों, डीएएनटीएके और अन्य लोगों द्वारा लगाए गए फूड स्टॉलों पर आगंतुकों को भारतीय व्यंजनों का स्वाद चखने को मिला। इसके अलावा, यहां एक शानदार बॉलीवुड डांस वर्कशॉप, 'यांसमैजिक' का जादुई शो, 'वीएएसटी भूटान' की पेंटिंग वर्कशॉप, भारतीय और भूटानी कलाकारों की संगीत प्रस्तुति और हर उम्र के लोगों के लिए मजेदार खेल भी आयोजित किए गए।"

दूतावास ने बताया कि इस उत्सव का समापन एक सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन समारोह के साथ हुआ, जो दोस्ती, आत्मीयता और एकजुटता का प्रतीक है। दूतावास ने कहा, "संस्कृति, शिल्प, खानपान और साझा अनुभवों के जरिए भारत-भूटान की दोस्ती का एक अद्भुत जश्न।"

इस मेले का उद्घाटन भूटान की नेशनल असेंबली के स्पीकर टेम्पा दोरजी, नेशनल काउंसिल के चेयरपर्सन सांग्ये दोरजी, विदेश मंत्री (ल्योंपो डीएन धुंग्येल), वित्त मंत्री (ल्योंपो लेकी दोरजी), उद्योग, वाणिज्य और रोजगार मंत्री (ल्योंपो नामग्याल दोरजी) और कृषि एवं पशुपालन मंत्री (ल्योंपो युन्टेन फुंटशो) की उपस्थिति में हुआ। इस मौके पर भूटान में भारत के राजदूत संदीप आर्य भी मौजूद थे।

दूतावास ने 'एक्‍स' पर एक अन्य पोस्ट में कहा, "इस मेले में लोगों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। भूटानी और भारतीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, संगीत और नृत्य पेश किए। आने वालों ने भारतीय व्यंजनों का आनंद लिया, हस्तशिल्प देखे और भारत के रंगों और स्वादों में पूरी तरह डूब गए। यह दोस्ती, संस्कृति और लोगों के बीच आपसी संबंधों का एक शानदार जश्न था।"

--आईएएनएस

एएसएच/वीसी