पश्चिम बंगाल में अज्ञात हमलावरों ने हेडमास्टर को मारी गोली, अस्पताल में मौत
कोलकाता, 8 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में शनिवार को दिनदहाड़े अज्ञात हमलावरों की गोली का शिकार हुए एक स्कूल हेडमास्टर मौत हो गई।
इस्लामपुर के एक स्थानीय स्कूल के हेडमास्टर, नजरुल इस्लाम पर शनिवार सुबह काम पर जाते समय मदारिपुर इलाके में हमला किया गया।
गोली लगने के बाद उन्हें इस्लामपुर सब-डिविजनल हॉस्पिटल ले जाया गया और बाद में सिलीगुड़ी के एक बड़े हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया, जहां डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद दोपहर करीब 1 बजे उनकी मौत हो गई।
इस्लामपुर पुलिस ने इस घटना की डिटेल में जांच शुरू कर दी है। पुलिस सुराग पाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। इस मामले में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस को अभी तक हत्या की कोई वजह पता नहीं चली है।
घटना पर हैरानी जताते हुए पीड़ित की बेटी, नैना खातून ने कहा कि परिवार को समझ नहीं आ रहा है कि उन्हें क्यों निशाना बनाया गया।
उन्होंने कहा, "मेरे पिता एक ईमानदार इंसान थे। उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। हमें नहीं पता कि उनकी हत्या क्यों की गई।"
मृतक हेडमास्टर की पत्नी, रुखसाना खातून ने मीडिया को बताया कि गोली लगने के समय उनके पति मोबाइल फोन पर उनसे बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा, "घटना के बाद उन्होंने मुझे बताया कि उन्हें गोली लगी है। हालांकि, वह यह नहीं बता पाए कि उन्हें गोली किसने मारी।"
साथी शिक्षकों और सहकर्मियों ने भी हत्या पर हैरानी जताई और नजरुल इस्लाम को एक समर्पित, समय के पाबंद और प्रतिबद्ध शिक्षक बताया, जिनकी किसी से कोई निजी दुश्मनी नहीं थी।
चश्मदीदों के मुताबिक, इस्लामपुर के अंबागन क्रॉसिंग इलाके के रहने वाले हेडमास्टर का किसी राजनीतिक पार्टी से कोई संबंध नहीं था।
उन्होंने बताया कि वह हमेशा की तरह स्कूल जा रहे थे, तभी मदारिपुर इलाके में अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोका और कई राउंड फायरिंग की, जिसमें से एक गोली उन्हें लगी और वह सड़क पर गिर पड़े।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम
