बंगाल उपचुनाव: नंदीग्राम और रेजीनगर में भाजपा उम्मीदवार बड़ी जीत की ओर, सुवेंदु अधिकारी ने जताया आभार
कोलकाता, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की मतगणना के रुझानों में भाजपा उम्मीदवार बड़ी बढ़त बनाए हुए हैं। पूर्वी मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम सीट पर भाजपा की हसीरानी रथ कांग्रेस के उम्मीदवार मिलन प्रधान से 1,16,253 वोटों से आगे चल रही हैं।
नंदीग्राम में मतगणना के 14वें दौर के अंत तक हसीरानी रथ की बढ़त इस सीट पर 2016 में दर्ज पिछले जीत के अंतर से भी अधिक हो गई। पश्चिम बंगाल के मौजूदा मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने 2016 में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में नंदीग्राम सीट से 81,230 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी।
14वें दौर की मतगणना के बाद नंदीग्राम में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के शांति गोपाल गिरि तीसरे और ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट (एआईएसएफ) के अली मोहम्मद साबिर मिराज खान चौथे स्थान पर थे।
नंदीग्राम में भाजपा की बढ़त के बीच मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसे ऐतिहासिक बताते हुए हसीरानी रथ को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि नंदीग्राम ने जीत के अब तक के सभी अंतर को पीछे छोड़ते हुए इतिहास रचा है।
अधिकारी ने नंदीग्राम की जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास की राजनीति और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व में अपना विश्वास दोहराया है। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, बीएल संतोष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी उल्लेख किया।
अधिकारी ने कहा कि यह परिणाम पश्चिम बंगाल में भाजपा की नई सरकार के कामकाज और जनहित, पारदर्शिता तथा विकास पर आधारित शासन के प्रति समर्थन को दर्शाता है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और संगठन के नेताओं की मेहनत की सराहना भी की। मुख्यमंत्री ने कहा, “दोनों विधानसभा क्षेत्रों में राष्ट्रवादी ताकत बड़े अंतर से जीत की ओर बढ़ रही है।”
नंदीग्राम उपचुनाव में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस मुकाबले में नहीं है। पार्टी की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने अंतिम समय में अपना नामांकन वापस ले लिया था। भाजपा उम्मीदवार हसीरानी रथ, सुवेंदु अधिकारी के पूर्व निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हैं। चंद्रनाथ रथ की 6 मई को उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में हत्या कर दी गई थी।
मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट पर भी भाजपा उम्मीदवार सखाराव सरकार मतगणना के रुझानों में आगे चल रहे हैं। वह एजेयूपी के गोलाम नबी आजाद से 70,250 वोटों के अंतर से आगे थे। कांग्रेस के उम्मीदवार मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफ़ी तीसरे स्थान पर थे।
इस साल हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम और दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर, दोनों सीटों से निर्वाचित हुए थे। भवानीपुर में उन्होंने अपनी पूर्ववर्ती मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15,000 से अधिक वोटों के अंतर से हराया था। इसके बाद अधिकारी ने भवानीपुर सीट अपने पास रखी, जिसके कारण नंदीग्राम में उपचुनाव कराना पड़ा।
इसी तरह, तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक हुमायूं कबीर ने एजेयूपी के उम्मीदवार के रूप में मुर्शिदाबाद जिले की नौदा और रेजीनगर, दोनों सीटों से चुनाव जीता था। बाद में उन्होंने नौदा सीट अपने पास रखने का फैसला किया, जिसके कारण रेजीनगर में उपचुनाव की आवश्यकता पड़ी।
--आईएएनएस
डीएससी
