पाकिस्तानी सेना ने छात्र नेता को दस साल पहले किया था गायब, बलूच स्टूडेंट संगठन की अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भावुक अपील
क्वेटा, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। बलूच छात्रों के एक प्रमुख संगठन ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को पत्र लिखकर छात्र नेता शब्बीर बलूच का पता लगाने की भावुक अपील की है। शब्बीर बलूच को एक दशक पहले पाकिस्तानी सेना ने गायब कर दिया था। इसके साथ ही छात्र संगठन ने बलूचिस्तान में हो रहे अत्याचारों की ओर भी ध्यान दिलाया है।
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयोग (यूएनएचआरसी), जबरन या अनैच्छिक रूप से गायब किए गए लोगों पर संयुक्त राष्ट्र के वर्किंग ग्रुप (डब्ल्यूजीईआईडी) और वैश्विक समुदाय को लिखे एक पत्र में, बलूच स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (बीएसओ)-आजाद ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि वे पाकिस्तानी अधिकारियों पर दबाव डालें ताकि शब्बीर बलूच और अन्य सभी राजनीतिक कैदियों व बंधकों को "यातना केंद्रों" से सुरक्षित रिहा कराया जा सके।
पत्र में कहा गया, "दुनिया के लोगों, पाकिस्तानी सरकार ने बलूचों पर बेरहमी जारी रखी है। इसमें बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं समेत लाखों लोगों की हत्या की गई है, चाहे वे किसी भी समूह से जुड़े हों। पाकिस्तानी सेना कई सैन्य अभियान और नरसंहार करती रही है; सुराब, मस्तुंग और दश्त की हालिया दुखद घटनाएं इस क्रूरता को दर्शाती हैं।"
इसमें आगे कहा गया, "इसने लाखों लोगों को जबरन गायब किया है, जिनमें छात्र, शिक्षक, प्रोफेसर, डॉक्टर, वकील, पत्रकार, बुद्धिजीवी, राजनीतिक और मानवाधिकार कार्यकर्ता और कई अन्य लोग शामिल हैं।"
छात्र नेता और बीएसओ आजाद के पूर्व सूचना सचिव शब्बीर के जबरन गायब किए जाने का जिक्र करते हुए समूह ने बताया कि 4 अक्टूबर 2016 को बलूचिस्तान के केच जिले के ग्वारकोप इलाके से पाकिस्तानी सुरक्षा बल पत्नी जरीना बलूच के सामने ही उन्हें जबरन उठा कर ले गए थे।
समूह ने कहा कि तब से उनकी बहन और पत्नी शब्बीर की सुरक्षित रिहाई के लिए संघर्ष कर रही हैं, लेकिन उन्हें उनके ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
पत्र में आगे कहा गया, “शब्बीर बलोच की गुमशुदगी को एक दशक हो चुका है, लेकिन परिवार और दोस्तों को उनके ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। इसी तरह, यह संगठन भी पाकिस्तानी सरकार के मुख्य निशाने पर रहा है; हमारे कई नेता और कार्यकर्ता, जिनमें पूर्व अध्यक्ष जाहिद बलोच, उपाध्यक्ष जाकिर मजीद बलोच, संयुक्त सचिव असद बलोच और अन्य को जबरन उठा कर ले जाया गया।”
शब्बीर के गायब होने की 10वीं बरसी पर, कई प्रमुख मानवाधिकार संगठनों ने पाकिस्तानी अधिकारियों से उनके ठिकाने का खुलासा करने की मांग की।
शब्बीर की गुमशुदगी पर चिंता जताते हुए, बलोचिस्तान की मानवाधिकार परिषद (एचआरसीबी) ने कहा, “पिछले एक दशक में, उनके परिवार ने हर उपलब्ध कानूनी रास्ता अपनाया है, फिर भी अधिकारी उनके ठिकाने के बारे में कोई जानकारी देने में नाकाम रहे हैं। सरकार को यह बताना चाहिए कि वह कहां हैं और उनके परिवार को वह सच और न्याय देना चाहिए जिसके वे हकदार हैं।”
इसके अलावा, बलोच नेशनल मूवमेंट (बीएनएम) के मानवाधिकार विभाग 'पांक' ने पाकिस्तानी अधिकारियों से शब्बीर के ठिकाने का खुलासा करने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनके मौलिक अधिकारों का सम्मान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “उनके परिवार को सच, न्याय और जवाबदेही का अधिकार है।”
--आईएएनएस
केआर/
