Aapka Rajasthan

दिवाली की यादों में खोए बाबिल, बोले- 'बाबा की हंसी और कहानियां पूरे घर को रोशन कर देती थीं'

मुंबई, 9 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता बाबिल खान ने बचपन की दिवाली से जुड़ी खूबसूरत यादें साझा की हैं। उन्होंने बताया कि बचपन में दिवाली का त्योहार घर में बनने वाली मिठाइयों की खुशबू, दोस्तों के साथ मस्ती और अपने पिता व दिवंगत अभिनेता इरफान खान के साथ बिताए खास पलों से भरा होता था।
 

मुंबई, 9 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता बाबिल खान ने बचपन की दिवाली से जुड़ी खूबसूरत यादें साझा की हैं। उन्होंने बताया कि बचपन में दिवाली का त्योहार घर में बनने वाली मिठाइयों की खुशबू, दोस्तों के साथ मस्ती और अपने पिता व दिवंगत अभिनेता इरफान खान के साथ बिताए खास पलों से भरा होता था।

आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि अब समय के साथ दिवाली मनाने का उनका अंदाज काफी बदल गया है। अब वह बड़े जश्न और शोर-शराबे के बजाय करीबी दोस्तों और परिवार के साथ सुकून भरे पल बिताना पसंद करते हैं।

बाबिल ने आईएएनएस से कहा, ''बचपन में दिवाली का अपना ही जादू होता था। त्योहार से कई दिन पहले ही पूरे घर में मिठाइयों की खुशबू फैल जाती थी। दोस्तों के साथ इधर-उधर भागना, रात के खाने से पहले कितनी मिठाइयां खाने को मिल सकती हैं, इस पर मोलभाव करना और बाबा को अपने मजाकिया अंदाज और कहानियों से पूरे कमरे को रोशन करते देखना, ये सब उस समय की खास यादें हैं।''

बाबिल ने बताया कि अब दिवाली का माहौल उनके लिए पहले से काफी शांत और सुकून भरा हो गया है। अब बाहर का शोर कम हो गया है और मन की गर्माहट ज्यादा मायने रखती है। अब त्योहार का मतलब बहुत ज्यादा भागदौड़ या शोर-शराबा नहीं है। मैं घर में ऐसा सुकून भरा माहौल बनाना पसंद करता हूं, जहां करीबी दोस्त और परिवार के लोग आराम से बैठ सकें। सभी अपने जूते उतारकर कालीन पर बैठें, अच्छा संगीत सुनें, साथ में खाना खाएं और सुबह के शुरुआती घंटों तक बातें करते रहें।

बाबिल के करियर की बात करें तो उन्होंने फिल्मों में अपने सफर की शुरुआत कैमरा असिस्टेंट के तौर पर की थी। वह बॉलीवुड फिल्म 'करीब करीब सिंगल' से जुड़े थे। इसके बाद साल 2022 में उन्होंने अन्विता दत्त की साइकोलॉजिकल ड्रामा फिल्म 'कला' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा। इस फिल्म में उनके साथ तृप्ति डिमरी नजर आई थीं।

साल 2023 में बाबिल फिल्म 'फ्राइडे नाइट प्लान' में दिखाई दिए। इसमें उन्होंने जूही चावला के बेटे सिद्धार्थ मेनन का किरदार निभाया था। इसके बाद वह वेब सीरीज 'द रेलवे मेन' में नजर आए। भोपाल गैस त्रासदी पर आधारित इस सीरीज में उनके साथ दिव्येंदु शर्मा, केके मेनन और आर. माधवन भी अहम भूमिकाओं में थे।

मई 2025 में बाबिल उस समय भी चर्चा में आए थे, जब उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट कर दिया था।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम