Aapka Rajasthan

आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की फिल्म 'उड़ता तीर' का 'भूतनी का' गाना रिलीज

मुंबई, 28 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेता आयुष्मान खुराना और अभिनेत्री सारा अली खान की आने वाली फिल्म 'उड़ता तीर' के जबरदस्त ट्रेलर से चर्चा बटोरने के बाद मेकर्स ने फिल्म का गाना 'भूतनी का' रिलीज कर दिया है।
 

मुंबई, 28 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेता आयुष्मान खुराना और अभिनेत्री सारा अली खान की आने वाली फिल्म 'उड़ता तीर' के जबरदस्त ट्रेलर से चर्चा बटोरने के बाद मेकर्स ने फिल्म का गाना 'भूतनी का' रिलीज कर दिया है।

म्यूजिक कंपोजर जोड़ी सचिन-जिगर ने इस गाने का म्यूजिक तैयार किया है और इसके बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं। ‘भूतनी का’ गाना काका, ट्विंकल अग्रवाल और अमिताभ भट्टाचार्य ने गाया है।

अपने नए गाने के बारे में बात करते हुए कंपोजर जोड़ी सचिन-जिगर ने कहा कि ‘भूतनी का’ को कंपोज करने में सच में बहुत मजा आया, क्योंकि अमिताभ भाई ने इसके बोल इस तरह लिखे थे कि आपको हमेशा यह जानने की उत्सुकता बनी रहती थी कि आगे क्या होने वाला है।

चुनौती यह थी कि म्यूजिक से उस उलझन को सपोर्ट किया जाए और साथ ही गाना सुनने में मजेदार भी लगे। हमने गाने की रफ्तार, साउंड और अरेंजमेंट के साथ कई प्रयोग किए, ताकि ऐसा लगे कि गाना हर पल कोई नया मोड़ लेने वाला है। इस वजह से यह प्रोसेस बहुत रोमांचक रहा। यह एक मजेदार गाना है, लेकिन इसका सही बैलेंस बनाना उतना आसान नहीं था जितना सुनने में लगता है।

सिंगर काका ने कहा कि गाने के बोल सुनकर मुझे कहानी जानने की बहुत उत्सुकता हुई। मैं सोच रहा था कि इतना एनर्जेटिक गाना है, थोड़ा मजेदार है और इसका साउंड भी इतना अलग है तो फिल्म में असल में क्या हो रहा है। रिकॉर्डिंग के समय भी मेरे मन में यही ख्याल था कि इसके पीछे जरूर कोई दिलचस्प कहानी होगी। अब टीजर देखने के बाद उत्सुकता और बढ़ गई है, क्योंकि किरदारों को देखकर और भी सवाल मन में आ रहे हैं। अब बस फिल्म देखने का इंतजार है।

सिंगर ट्विंकल अग्रवाल ने कहा कि ‘भूतनी का’ को रिकॉर्ड करने में बहुत मजा आया, क्योंकि इसके बोल में बहुत कुछ हो रहा है।

उन्होंने कहा कि आपको एनर्जी बनाए रखनी होती है और साथ ही यह भी ध्यान रखना होता है कि हर शब्द सही ढंग से सुनाई दे। काका ने इसमें बहुत मजेदार एनर्जी डाली और मुझे उनके साथ तालमेल बिठाने में बहुत मजा आया। यह ऐसा गाना है जो गाते समय आपका मूड अच्छा कर देता है।

'उड़ता तीर' 9 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी