ऑस्ट्रेलिया: सिडनी एयरपोर्ट पर तीसरे रनवे से जुड़ी घटना की जांच कर रहे अधिकारी
सिडनी, 14 अगस्त (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के परिवहन सुरक्षा जांचकर्ता के प्रमुख ने शुक्रवार को अहम बयान दिया। बयान में कहा गया कि मौजूदा समय में एजेंसी यह समझने की कोशिश कर रही है कि आखिर सिडनी एयरपोर्ट पर दो प्लेन से संबंधित सुरक्षात्मक हादसों के बारे में रिपोर्ट करने में देरी क्यों की गई।
ऑस्ट्रेलियन ट्रांसपोर्ट सेफ्टी ब्यूरो ने गुरुवार रात बताया कि उसने 9 अगस्त को हुई रनवे पर घुसपैठ की एक घटना की जांच शुरू कर दी है। इस घटना में मध्य ऑस्ट्रेलिया के आयर्स रॉक एयरपोर्ट जाने वाली क्वांटास की फ्लाइट क्यू एफ 728 और पर्थ जाने वाली वर्जिन ऑस्ट्रेलिया की फ्लाइट वीए 555 शामिल थीं।
एटीएसबी के बयान में कहा गया है कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने रविवार को स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 10 बजे सिडनी से वर्जिन ऑस्ट्रेलिया की फ़्लाइट को पूरे रनवे का इस्तेमाल करके उड़ान भरने की मंजूरी दी थी। शिन्हुआ न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, जैसे ही क्रू ने थ्रस्ट (इंजन की ताकत) बढ़ाया, उन्होंने देखा कि क्वांटास की फ्लाइट उनके आगे रनवे पार कर रही थी।
इसके बाद वर्जिन ऑस्ट्रेलिया की उड़ान रुक गई और फिर उसे टेक-ऑफ शुरू करने की दोबारा मंजूरी मिली।
एटीएसबी के मुख्य कमिश्नर एंगस मिशेल ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन रेडियो को बताया कि उन्हें गुरुवार तक इस घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी।
उन्होंने कहा, "असल में दोनों विमान एक-दूसरे के करीब शायद एक हजार मीटर की दूरी तक भी नहीं आए थे लेकिन इसके बावजूद ऐसा नहीं होना चाहिए था।" हम अभी भी यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि हमें रिपोर्ट करने में असल में देरी क्यों हुई।
एटीएसबी ने गुरुवार को कहा कि रविवार की घटना में शामिल क्वांटास क्रू ने बताया कि उन्हें रनवे पार करने की मंजूरी मिल गई थी।
इसमें कहा गया कि जांचकर्ता संबंधित पक्षों से पूछताछ करेंगे और डेटा की समीक्षा करेंगे। यह घटना सिडनी एयरपोर्ट पर दो हफ्तों में रनवे पर हुई तीसरी घटना थी। यह घटना सिडनी एयरपोर्ट पर दो हफ्तों में रनवे पर हुई तीसरी घटना थी।
इससे पहले रविवार को जेटस्टार ऑस्ट्रेलिया की एक फ्लाइट को कतर एयरवेज के एक जेट से टकराने से बचने के लिए अचानक ब्रेक लगाना पड़ा, जिसे टो किया जा रहा था। वहीं 27 जुलाई को क्वांटासलिंक की एक फ्लाइट और क्वांटास के एक प्लेन के बीच टक्कर होते-होते बची।
रविवार सुबह सिडनी एयरपोर्ट के रनवे पर जेटस्टार एयरवेज की एक फ़्लाइट और कतर एयरवेज के एक प्लेन के बीच टक्कर होते-होते बची, जिसमें क्रू का एक सदस्य घायल हो गया।
रविवार को ऑस्ट्रेलियन ईस्टर्न स्टैंडर्ड टाइम के अनुसार सुबह करीब 7 बजे, गोल्ड कोस्ट जाने वाली जेटस्टार फ़्लाइट जे क्यू 402 टेक-ऑफ़ से पहले रनवे पर टैक्सी कर रही थी। तभी पायलट को अचानक ब्रेक लगाना पड़ा ताकि कतर एयरवेज़ के एक खाली बोइंग 777 से टक्कर न हो जाए, जिसे उस समय टो (खींचकर ले जाया) किया जा रहा था।
इस घटना में जेटस्टार का एक केबिन क्रू सदस्य घायल हो गया और एम्बुलेंस पैरामेडिक्स ने उसका इलाज किया। किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।
क्वांटास की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी जेटस्टार के एक प्रवक्ता ने कहा कि एयरलाइन ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने कहा, "हमारा विमान एयर ट्रैफिक कंट्रोल के निर्देशों का पालन कर रहा था, तभी पायलटों को जोर से ब्रेक लगाना पड़ा, क्योंकि एक दूसरा विमान बहुत करीब आ गया था।"
--आईएएनएस
एसएचके/पीएम
