Aapka Rajasthan

एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक का वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में मुनाफा तिमाही आधार पर 4 प्रतिशत घटा

नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के नतीजे जारी किए हैं। बैंक का शुद्ध लाभ (नेट प्रॉफिट) तिमाही आधार पर 4.3 प्रतिशत घटा है। हालांकि, सालाना आधार पर बैंक के मुनाफे में 37 प्रतिशत की मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसे नेट इंटरेस्ट इनकम (एनआईआई) में हुई शानदार वृद्धि का समर्थन मिला।
 

नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के नतीजे जारी किए हैं। बैंक का शुद्ध लाभ (नेट प्रॉफिट) तिमाही आधार पर 4.3 प्रतिशत घटा है। हालांकि, सालाना आधार पर बैंक के मुनाफे में 37 प्रतिशत की मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसे नेट इंटरेस्ट इनकम (एनआईआई) में हुई शानदार वृद्धि का समर्थन मिला।

बैंक ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि अप्रैल-जून तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 795.95 करोड़ रुपए रहा, जबकि जनवरी-मार्च तिमाही में यह 831.87 करोड़ रुपए था।

वहीं, पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में बैंक का शुद्ध लाभ 581 करोड़ रुपए था। इस तरह सालाना आधार पर बैंक के मुनाफे में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।

बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (एनआईआई) यानी ब्याज से होने वाली आय और ब्याज पर होने वाले खर्च के बीच का अंतर, सालाना आधार पर 31.9 प्रतिशत बढ़कर 2,696 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 2,044 करोड़ रुपए था।

समीक्षाधीन तिमाही में बैंक का ऑपरेटिंग प्रॉफिट भी सालाना आधार पर 9.4 प्रतिशत बढ़कर 1,435 करोड़ रुपए पहुंच गया, जो पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 1,312 करोड़ रुपए था।

इस दौरान बैंक के प्रावधान (प्रोविजन्स) में भी कमी आई, और यह सालाना आधार पर 30.4 प्रतिशत घटकर 371 करोड़ रुपए रह गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 533 करोड़ रुपए था। इससे संकेत मिलता है कि बैंक की क्रेडिट कॉस्ट में कमी आई है।

एसेट क्वालिटी की बात करें तो 30 जून तक बैंक का सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (जीएनपीए) अनुपात बढ़कर 2.10 प्रतिशत हो गया, जो मार्च तिमाही के अंत में 2.03 प्रतिशत था।

इसी तरह, शुद्ध गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनएनपीए) अनुपात भी तिमाही आधार पर 0.74 प्रतिशत से बढ़कर 0.76 प्रतिशत हो गया।

शुक्रवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक का शेयर 1,002.25 रुपए पर बंद हुआ। पिछले 52 सप्ताह में शेयर ने 1,090.40 रुपए का उच्चतम स्तर और 682.50 रुपए का न्यूनतम स्तर छुआ है।

हाल के सप्ताहों में बैंक का शेयर व्यापक बाजार की तुलना में कमजोर प्रदर्शन करता नजर आया है।

पिछले एक सप्ताह में बैंकिंग शेयर 2.68 प्रतिशत, दो सप्ताह में 6.54 प्रतिशत, एक महीने में 6.11 प्रतिशत और तीन महीनों में 5.95 प्रतिशत तक गिर चुका है।

जबकि, इसी अवधि में बीएसई सेंसेक्स पिछले दो सप्ताह में 1.95 प्रतिशत और एक महीने में 1.21 प्रतिशत गिरा है। इससे स्पष्ट है कि इन अवधियों में एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक का शेयर अपने बेंचमार्क इंडेक्स की तुलना में कमजोर प्रदर्शन कर रहा है।

--आईएएनएस

डीबीपी