Aapka Rajasthan

अफ्रीकी संघ ने दक्षिण सूडान में यूएन शांति सैनिकों पर हमले की निंदा की

अदीस अबाबा, 30 अगस्त (आईएएनएस)। अफ्रीकी संघ (एयू) ने दक्षिण सूडान के जोंगलेई राज्य में सोमवार को हुए संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के एक काफिले पर हुए सशस्त्र हमले की कड़ी निंदा की है।
 

अदीस अबाबा, 30 अगस्त (आईएएनएस)। अफ्रीकी संघ (एयू) ने दक्षिण सूडान के जोंगलेई राज्य में सोमवार को हुए संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के एक काफिले पर हुए सशस्त्र हमले की कड़ी निंदा की है।

एक प्रेस बयान में अफ्रीकी संघ ने कहा कि एयू आयोग के अध्यक्ष महमूद अली यूसूफ ने दक्षिण सूडान के जोंगलेई राज्य में संयुक्त राष्ट्र मिशन की एक संयुक्त गश्ती टीम पर अज्ञात हमलावरों की ओर से किए गए घातक हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है।

यूसूफ ने इस हमले में जान गंवाने वाले दो इथियोपियाई शांति सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। इस हमले में सात अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने दक्षिण सूडान के अधिकारियों से अपील की कि वे इस घटना की तुरंत जांच करें और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करें।

बयान में कहा गया, "एयू आयोग के अध्यक्ष इथियोपिया सरकार के प्रति और इस हमले में मारे गए तथा घायल हुए शांति सैनिकों के परिवारों, सहकर्मियों और मित्रों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।"

यूसूफ ने दोहराया कि अफ्रीकी संघ दक्षिण सूडान की सरकार और वहां के लोगों को लोकतांत्रिक बदलाव और स्थायी शांति स्थापित करने के प्रयासों में अपना समर्थन देता रहेगा।

संयुक्त राष्ट्र मिशन ने बताया कि इलाके को सुरक्षित करने और आपातकालीन राहत कार्यों में मदद के लिए 'क्विक रिएक्शन फोर्स' तैनात कर दिया गया है।

इससे पहले 24 अगस्त को दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन (यूएनएमआईएसएस) ने जोंगलेई राज्य के पाजुत इलाके की ओर जा रही अपनी गश्ती टीम पर हुए घात लगाकर किए गए हमले की कड़ी निंदा की थी। इस हमले में दो शांति सैनिकों की मौत हो गई थी।

दक्षिण सूडान की राजधानी जुबा से जारी यूएनएमआईएसएस के बयान में कहा गया, "हमले में दो शांति सैनिक मारे गए, जबकि सात अन्य लोग घायल हुए। घायलों में तीन शांति सैनिक, दक्षिण सूडान राष्ट्रीय पुलिस सेवा के दो जवान और दो नागरिक कर्मचारी शामिल हैं।"

संयुक्त राष्ट्र महासचिव की विशेष प्रतिनिधि और यूएनएमआईएसएस प्रमुख अनीता किकी गेहो ने कहा कि दक्षिण सूडान में शांति स्थापित करने के लिए काम कर रहे कर्मियों को निशाना बनाकर की गई ऐसी हिंसा पूरी तरह अस्वीकार्य है।

उन्होंने कहा, "मैं जान गंवाने वाले शांति सैनिकों के परिवारों और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"

गेहो ने संबंधित अधिकारियों से इस घटना की गहन और जल्द जांच कराने की भी अपील की।

--आईएएनएस

एवाई/डीएससी