भाजपा प्रतिनिधिमंडल की बेंगलुरु पुलिस आयुक्त से मुलाकात, विधायक पर हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
बेंगलुरु, 22 जुलाई (आईएएनएस)। कर्नाटक भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक के नेतृत्व में बेंगलुरु पुलिस आयुक्त से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा विधायक पर कथित हमले में शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यदि आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो भाजपा विरोध प्रदर्शन करेगी।
आर. अशोक ने कहा कि हमले के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो भाजपा के विधायक और विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) 23 जुलाई को विधान सौधा के पास महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन करेंगे।
पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में अशोक ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायकों पर हमला उस समय हुआ, जब वे पुलिस हिरासत में थे और पुलिस उन्हें सुरक्षा देने में विफल रही।
उन्होंने दावा किया कि यह हमला कांग्रेस के निर्देश पर किया गया और इसके लिए मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने इस घटना को पूर्व नियोजित साजिश बताया।
आर. अशोक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यालय में धारदार हथियार मौजूद थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि वहां इससे भी अधिक खतरनाक सामग्री रखी गई हो सकती है।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जुड़े पुराने विवादों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाने वाले कुछ लोगों के कांग्रेस से संबंध थे।
अशोक ने कांग्रेस कार्यालय को 'राष्ट्रविरोधी' बताते हुए कहा कि भाजपा ने इस मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से मामले को दबाने की कोशिश न करने की अपील की है।
उन्होंने कहा, "हमारी हत्या की कोशिश की गई। हमने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि इस मामले को दबाया न जाए।"
अशोक ने आरोप लगाया कि कानून का इस्तेमाल चुनिंदा तरीके से किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता कई बार भाजपा के प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई।
गौरतलब है कि बुधवार को कर्नाटक भाजपा के नेता नीट विवाद को लेकर कांग्रेस पर राजनीति करने और राज्य के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय की ओर मार्च कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
इसी बीच कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में केपीसीसी कार्यालय के बाहर जमा हो गए। आरोप है कि उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ विधायक बीपी हरीश को निशाना बनाया। जैसे ही हरीश अपनी गाड़ी से उतरे, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और भाजपा विरोधी नारे लगाने लगे।
पुलिस ने उन्हें बचाने की कोशिश की। आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन पर अंडे भी फेंके। बाद में पुलिस उन्हें सुरक्षित रूप से पास की एक गली में ले गई और प्रदर्शनकारियों को हटाया।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम
