Aapka Rajasthan

निर्माण सामग्री को लेकर केरल को राहत की उम्मीद, तमिलनाडु के सीएम ने दिया भरोसा

तिरुवनंतपुरम, 21 अगस्त (आईएएनएस)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन को भरोसा दिया है कि उनकी सरकार केरल को निर्माण सामग्री की आवाजाही पर लगी पाबंदियों से छूट देने पर विचार करेगी। इसमें मेटल यानी चूना पत्थर जैसी सामग्री भी शामिल है। यह जानकारी केरल के मुख्यमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को दी।
 

तिरुवनंतपुरम, 21 अगस्त (आईएएनएस)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन को भरोसा दिया है कि उनकी सरकार केरल को निर्माण सामग्री की आवाजाही पर लगी पाबंदियों से छूट देने पर विचार करेगी। इसमें मेटल यानी चूना पत्थर जैसी सामग्री भी शामिल है। यह जानकारी केरल के मुख्यमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को दी।

दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच यह मुलाकात महाबलीपुरम में साउथ जोनल काउंसिल की बैठक के दौरान हुई। इस दौरान केरल के उद्योग मंत्री पीके कुन्हालीकुट्टी भी मुख्यमंत्री सतीशन के साथ मौजूद थे।

तमिलनाडु सरकार ने हाल ही में दूसरे राज्यों में निर्माण सामग्री, खासकर मेटल की आवाजाही पर रोक लगाई है। इस फैसले के बाद केरल में चिंता बढ़ गई थी।

मुख्यमंत्री सतीशन ने तमिलनाडु के सीएम के सामने केरल के लिए विशेष छूट की मांग रखी। उन्होंने कहा कि केरल की भौगोलिक और आर्थिक स्थिति अलग है और राज्य कई जरूरी निर्माण सामग्री के लिए तमिलनाडु पर बहुत ज्यादा निर्भर है। अगर सामग्री आना बंद होती है तो इसका सीधा असर निर्माण लागत और सामग्री की उपलब्धता पर पड़ेगा।

सीएम सतीशन ने पहले इस बारे में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा था और पाबंदियों पर दोबारा विचार करने की मांग की थी। मुलाकात के दौरान उन्होंने फिर से यही मांग दोहराई कि केरल को इन पाबंदियों से बाहर रखा जाए।

केरल मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक दोनों राज्यों ने इस मुद्दे पर आगे बातचीत करने और जल्द ही कोई सही फैसला लेने पर सहमति जताई है। तमिलनाडु के सीएम के इस भरोसे के बाद उम्मीद है कि केरल जाने वाली सामग्री पर रोक नहीं लगेगी।

यह मुद्दा केरल के लिए बहुत अहम है क्योंकि तमिलनाडु केरल के लिए निर्माण सामग्री का सबसे बड़ा स्रोत है। अगर लंबे समय तक रोक लगी रहती है तो सामग्री के दाम बढ़ सकते हैं और निर्माण क्षेत्र पर दबाव बढ़ेगा, जो पहले से ही महंगे इनपुट लागत से जूझ रहा है।

अब केरल सरकार इस मामले को आगे भी तमिलनाडु अधिकारियों के साथ उठाएगी। फिलहाल केरल की प्राथमिकता है कि पाबंदियों से औपचारिक छूट मिल जाए और तमिलनाडु से निर्माण सामग्री की आवाजाही बिना रुकावट जारी रहे।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस