असम नवंबर से रोजाना 4.8 करोड़ सेमीकंडक्टर चिप्स का निर्यात करेगा: सीएम हिमंता बिस्वा सरमा
नई दिल्ली/गुवाहाटी, 22 जून (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोमवार को कहा कि राज्य पिछले सात-आठ वर्षों से 12-13 प्रतिशत की लगातार आर्थिक वृद्धि दर्ज कर रहा है, जो राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक है और यह देश में सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग के एक बड़े केंद्र के रूप में उभरने के लिए तैयार है।
राष्ट्रीय राजधानी में एक टीवी समिट में सरमा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार निवेश, बुनियादी ढांचे के विकास और औद्योगिक वृद्धि की वजह से असम का तेजी से आर्थिक विस्तार हुआ है।
असम के मोरीगांव जिले के जागीरोड में बन रही टाटा सेमीकंडक्टर असेंबली और टेस्टिंग यूनिट की प्रगति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि इस प्लांट से इस साल के आखिर में एक्सपोर्ट शुरू होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा, "नवंबर से टाटा सेमीकंडक्टर असम से चिप्स का एक्सपोर्ट शुरू करेगा। हम गुवाहाटी से दुनियाभर के बाजारों में रोजाना लगभग 48 मिलियन चिप्स एक्सपोर्ट करेंगे।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सुविधा केंद्र में बनने वाले उत्पादों में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों ने पहले ही काफी दिलचस्पी दिखाई है।
हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि राज्य सरकार ने असम में दो और बड़े सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट के लिए समझौते पक्के कर लिए हैं। उम्मीद है कि इनसे भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम में राज्य की स्थिति और मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री सरमा ने कहा, "हम ग्रीन एनर्जी और बिजली उत्पादन की दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं। अगले तीन से चार वर्षों में असम बिजली के मामले में सरप्लस राज्य बन जाएगा।"
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि गुवाहाटी जुलाई में दो उच्चस्तरीय बैठकों की मेजबानी करेगा। उन्होंने इस फैसले को पूर्वोत्तर के विकास के प्रति प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
सरमा ने कहा, "ये बैठकें देश में कहीं भी हो सकती थीं, लेकिन ये गुवाहाटी में हो रही हैं। इससे पता चलता है कि प्रधानमंत्री पूर्वोत्तर को भारत की विकास गाथा के केंद्र में रखना चाहते हैं।"
--आईएएनएस
एसएचके/वीसी
