हिमांशी खुराना से मारपीट के आरोपों पर भड़के आसिम रियाज, भव्या सिंह को भेजा लीगल नोटिस
मुंबई, 30 अगस्त (आईएएनएस)। 'बिग बॉस 13' से अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता और मॉडल आसिम रियाज एक बार फिर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और 'एमटीवी स्प्लिट्सविला 12' की कंटेस्टेंट रह चुकीं भव्या सिंह ने एक पॉडकास्ट में आसिम रियाज और उनकी एक्स-गर्लफ्रेंड व अभिनेत्री हिमांशी खुराना के रिश्ते को लेकर कुछ दावे किए थे। जिसके बाद अब आसिम ने कानूनी कार्रवाई का रास्ता चुना है। अभिनेता की ओर से भव्या सिंह के साथ-साथ संबंधित मीडिया आउटलेट्स को 'सीज एंड डिसिस्ट' लीगल नोटिस भेजा गया है।
दरअसल, भव्या सिंह ने एक पॉडकास्ट के दौरान आसिम और हिमांशी खुराना के ब्रेकअप की वजह के बारे में बात की थी। इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर कुछ ऐसी बातें कहीं, जिनमें आसिम पर हिमांशी के साथ मारपीट और हिंसा करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए। पॉडकास्ट में कही गई उनकी बातें बाद में सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से शेयर होने लगीं। अब आसिम की कानूनी टीम ने इन दावों को पूरी तरह गलत और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया है।
आसिम के कानूनी प्रतिनिधि की ओर से जारी नोटिस में भव्या सिंह के पॉडकास्ट में कही गई बातों का भी जिक्र किया गया है। नोटिस के मुताबिक, भव्या ने कहा था, 'मुझे बहुत टाइम पहले ये बात सुनने में आई थी, मैंने पूछा था किसी से कि आसिम और हिमांशी का ब्रेकअप क्यों हुआ, तो किसी ने बोला कि 'भाई वो पागल आदमी है, मारता-पीटता था, बड़ा ही बेकार आदमी है।''
भव्या ने अभिनेता के आर्थिक रूप से एक अज्ञात महिला पर निर्भर होने और दुबई में कथित तौर पर उसी महिला के पैसों पर रहने की बात भी कही थी। आसिम की कानूनी टीम ने इन दावों को झूठा और अपुष्ट बताया है।
आसिम के कानूनी प्रतिनिधियों ने नोटिस में कहा, ''इन बयानों के जरिए अभिनेता पर हिमांशी खुराना के खिलाफ शारीरिक हिंसा करने का गलत आरोप लगाया गया। साथ ही उनकी निजी और आर्थिक स्थिति को लेकर भी ऐसे दावे किए गए, जिनका कोई सत्यापन नहीं है।''
आसिम का कहना है कि इन बयानों से उनकी प्रतिष्ठा, सार्वजनिक छवि और प्रोफेशनल स्टैंडिंग को नुकसान पहुंच है।
कानूनी नोटिस के जरिए भव्या सिंह से भविष्य में आसिम रियाज के खिलाफ किसी भी मानहानिकारक या कानूनी कार्रवाई योग्य बयान को देने या दोहराने से बचने को कहा गया है। वहीं, संबंधित मीडिया आउटलेट्स से विवादित पॉडकास्ट और उससे जुड़े कंटेंट को हटाने की मांग की गई है।
नोटिस में चेतावनी दी गई है कि अगर 72 घंटे के भीतर मांगों का पालन नहीं किया गया, तो आसिम की ओर से सक्षम अदालतों और संबंधित अधिकारियों के सामने उचित कानूनी कार्रवाई शुरू की जा सकती है। अगर विवादित बयानों या कंटेंट को आगे भी लगातार शेयर या दोबारा प्रकाशित किया जाता है, तो उसके अतिरिक्त कानूनी परिणाम हो सकते हैं।
आसिम रियाज और हिमांशी खुराना का रिश्ता 'बिग बॉस 13' के दौरान काफी चर्चा में रहा था। शो में दोनों की नजदीकियां दर्शकों के बीच भी चर्चा का विषय बनी थीं। हालांकि, बाद में दोनों अलग हो गए।
--आईएएनएस
पीके/डीएससी
