Aapka Rajasthan

ब्रिक्स के जरिए आर्थिक और कूटनीतिक दायरा बढ़ाना चाहते हैं आसियान देश: रिपोर्ट

नई दिल्ली, 27 सितंबर (आईएएनएस)। ब्रिक्स में दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों की बढ़ती रुचि वैश्विक व्यवस्था में बदलाव के बीच रणनीतिक स्वायत्तता और आर्थिक व कूटनीतिक साझेदारियों में विविधता लाने के व्यापक प्रयास को दर्शाती है।
 

नई दिल्ली, 27 सितंबर (आईएएनएस)। ब्रिक्स में दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों की बढ़ती रुचि वैश्विक व्यवस्था में बदलाव के बीच रणनीतिक स्वायत्तता और आर्थिक व कूटनीतिक साझेदारियों में विविधता लाने के व्यापक प्रयास को दर्शाती है।

इंडिया नैरेटिव की रिपोर्ट के अनुसार, भारत की अध्यक्षता में 12-13 सितंबर, 2026 को नई दिल्ली में आयोजित 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन ने आसियान देशों के बीच समूह की बढ़ती प्रासंगिकता पर नया ध्यान आकर्षित किया।

यह शिखर सम्मेलन 'लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण' थीम के तहत आयोजित किया गया था, जिसमें राजनीतिक और सुरक्षा, आर्थिक और वित्तीय, सांस्कृतिक और लोगों से लोगों के बीच सहयोग को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया गया था।

रिपोर्ट में कहा गया है कि ब्रिक्स में आसियान की रुचि ध्यान देने योग्य है क्योंकि दक्षिण-पूर्व एशियाई समूह ने परंपरागत रूप से खुद को छोटी और मध्यम शक्तियों के लिए एक क्षेत्रीय मंच के रूप में स्थापित किया है, जो जबरदस्ती के बजाय परामर्श और सहयोग पर जोर देता है।

इसमें कहा गया है कि ब्रिक्स को दक्षिण-पूर्व एशिया में एक ऐसे मंच के रूप में देखा जा रहा है जिसके माध्यम से देश 'पश्चिम बनाम बाकी दुनिया' की द्विआधारी सोच को अपनाए बिना अपने आर्थिक और कूटनीतिक जुड़ावों में विविधता ला सकते हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर, जिन्होंने आसियान अध्यक्ष और एक आउटरीच देश के रूप में नई दिल्ली शिखर सम्मेलन में भाग लिया था, ने कहा कि आसियान देश शांति, समावेशी विकास, सतत विकास और नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को आगे बढ़ाने पर ब्रिक्स के साथ जुड़ेंगे।

रिपोर्ट में कहा गया है कि कूटनीतिक और रणनीतिक विकल्पों के विस्तार में फिलीपींस की रुचि दक्षिण चीन सागर में चीन के साथ उसके संप्रभुता विवाद के बीच आई है। इसमें कहा गया है कि ब्रिक्स मनीला को बीजिंग के साथ सीधे टकराव से बचते हुए अपने जुड़ाव को व्यापक बनाने के लिए एक अतिरिक्त मंच प्रदान कर सकता है।

शिखर सम्मेलन के दौरान भारत और फिलीपींस ने रक्षा, व्यापार, अंतरिक्ष और बुनियादी ढांचे में अपनी रणनीतिक साझेदारी के विस्तार पर भी चर्चा की। फिलीपींस ने 2022 में भारत की ब्रह्मोस एंटी-शिप क्रूज मिसाइल का तट-आधारित संस्करण खरीदा था, जिसकी लॉन्च प्रणालियों की डिलीवरी अप्रैल 2024 में शुरू हुई थी।

रिपोर्ट में ब्रिक्स के साथ वियतनाम के बढ़ते जुड़ाव पर भी प्रकाश डाला गया है। भारत में वियतनामी राजदूत के अनुसार, इस जुड़ाव के माध्यम से वियतनाम का लक्ष्य ब्रिक्स की समग्र सफलता में योगदान देना है, जिससे विकासशील देशों की आवाज को मजबूत करने में मदद मिलेगी, जबकि यह वियतनाम को बाजारों और भागीदारों में विविधता लाने के लिए अतिरिक्त अवसर प्रदान करेगा।

वियतनाम 2025 में ब्रिक्स का भागीदार देश बन गया था, जबकि वियतनामी प्रधानमंत्री ले मिन्ह हुंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर नई दिल्ली शिखर सम्मेलन में भाग लिया था। रिपोर्ट में कहा गया है कि हनोई ब्रिक्स को आसियान से परे एक और मंच के रूप में देखता है जिसके माध्यम से वह चीन, संयुक्त राज्य अमेरिका, जापान और यूरोप के साथ संबंध बनाए रखते हुए साझेदारियों का विस्तार कर सकता है।

भारत और वियतनाम ने भी शिखर सम्मेलन के दौरान रक्षा और समुद्री सहयोग को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की। मलेशिया, जो ब्रिक्स का एक और भागीदार देश है, भी वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और क्षेत्रीय संघर्षों के बीच प्रमुख उभरते बाजारों के साथ आर्थिक और कूटनीतिक जुड़ाव का विस्तार करने के एक रास्ते के रूप में इस समूह को देख रहा है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत एशिया में मलेशिया का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और कहा गया है कि जून 2026 तक मलेशिया में भारतीय कंपनियों की 293 स्वीकृत विनिर्माण परियोजनाएं थीं जिनकी कीमत 2.95 अरब अमेरिकी डॉलर है, जिससे 28,455 नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है।

इस बीच, ब्रिक्स का एकमात्र आसियान सदस्य इंडोनेशिया, इस समूह को ग्लोबल साउथ की आवाज को मजबूत करने और अधिक लचीली वैश्विक व्यापार और आपूर्ति श्रृंखलाओं को बढ़ावा देने के एक मंच के रूप में देखता है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि ब्रिक्स में आसियान की बढ़ती रुचि भारत के लिए दक्षिण-पूर्व एशियाई अर्थव्यवस्थाओं के साथ आर्थिक और रणनीतिक जुड़ाव को गहरा करने के अवसर पैदा कर सकती है। इसमें यह भी तर्क दिया गया है कि भारत की मौजूदगी यह सुनिश्चित करने में मदद कर सकती है कि ब्रिक्स किसी एक शक्ति के प्रभुत्व वाला बनने के बजाय व्यापक ग्लोबल साउथ सहयोग के लिए एक मंच बना रहे।

रिपोर्ट के अनुसार, भारत और आसियान देश रणनीतिक स्वायत्तता, विविधीकरण और परामर्श पर केंद्रित एक दृष्टिकोण साझा करते हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है, "ब्रिक्स भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया दोनों को 'पश्चिम बनाम बाकी दुनिया' की द्विआधारी सोच के अनुरूप हुए बिना अपने आर्थिक और रणनीतिक हितों को साधने के लिए एक मंच प्रदान करता है, जो इस प्रकार आसियान देशों को इस गैर-पश्चिमी संगठन की ओर आकर्षित करता है।"

--आईएएनएस

केके/वीसी