Aapka Rajasthan

'मेरी अंश, तुम हमेशा मेरी रहोगी...', बहन के लिए अर्जुन कपूर का प्यार भरा संदेश

मुंबई, 7 जुलाई (आईएएनएस)। बॉलीवुड एक्टर अर्जुन कपूर अपनी बहन अंशुला कपूर को उनकी नई जिंदगी और शादी की खुशियों की ओर बढ़ते हुए देखकर भावुक हो गए। एक्टर ने अपनी बहन के लिए एक इमोशनल नोट लिखा, जिसमें उन्होंने कहा कि वह हमेशा उनकी ही रहेंगी, लेकिन अब उन्हें उसे जाने देने का समय आ गया है।
 

मुंबई, 7 जुलाई (आईएएनएस)। बॉलीवुड एक्टर अर्जुन कपूर अपनी बहन अंशुला कपूर को उनकी नई जिंदगी और शादी की खुशियों की ओर बढ़ते हुए देखकर भावुक हो गए। एक्टर ने अपनी बहन के लिए एक इमोशनल नोट लिखा, जिसमें उन्होंने कहा कि वह हमेशा उनकी ही रहेंगी, लेकिन अब उन्हें उसे जाने देने का समय आ गया है।

अर्जुन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर अंशुला की शादी के दिन की कुछ दिल को छू लेने वाली तस्वीरें शेयर कीं। तस्वीरों में एक्टर अपनी बहन के बगल में प्यार से खड़े दिख रहे हैं और एक तस्वीर में उन्होंने अपना हाथ अंशुला के सिर पर रखा हुआ है। एक और तस्वीर में, वह प्यार से उसके गाल खींचते हुए दिख रहे हैं और दोनों भाई-बहन खिलखिलाकर मुस्कुरा रहे हैं।

अंशुला पीच, रेड और गोल्ड रंग के हैवी एंब्रॉयडरी वाले लहंगे और भारी पारंपरिक गहनों में बेहद खूबसूरत लग रही थीं, जबकि अर्जुन ने उनके साथ मेल खाता हुआ मैरून रंग का कढ़ाई वाला कुर्ता पहना था।

वहीं, एक फोटो में अंशुला शादी की रस्में निभाते हुए मंडप में बैठी हैं और उनके बगल में उनकी दिवंगत मां मोना कपूर की तस्वीर रखी हुई है।

तस्वीरें शेयर करते हुए अर्जुन ने लिखा, "मेरी अंश, मेरे लिए तुम हमेशा मेरी ही रहोगी, लेकिन अब मुझे तुम्हें जाने देना होगा... आज तुम रोहन के साथ अपनी नई जिंदगी शुरू कर रही हो और तुम्हें मुस्कुराते हुए देखकर मेरा दिल, मन और आत्मा बहुत खुश हैं।"

उन्होंने लिखा, "मैंने तुम्हें बड़े होते और एक ऐसी शानदार महिला बनते देखा है जो हर कदम पर हमारी मां की याद दिलाती है। कभी चिंता मत करना क्योंकि वह हमेशा तुम्हें देख रही हैं और तुम पर अपना आशीर्वाद बनाए हुए हैं।"

अर्जुन ने आगे कहा, "मैं हमेशा तुम्हारे साथ हूं, हमेशा तुम्हारा सहारा बनूंगा और यह पक्का करूंगा कि तुम्हारे चेहरे से मुस्कान कभी न जाए। ढेर सारा प्यार, तुम्हारे अर्जुन भैया..."

बता दें कि अंशुला कपूर ने 6 जुलाई को मुंबई में अपने लंबे समय के बॉयफ्रेंड रोहन ठक्कर से शादी कर ली है। अंशुला ने अपनी शादी की रस्मों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपने फैंस के साथ भी शेयर कीं।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम