अर्जेंटीना ने खुद को ऊर्जा, खाद्य पदार्थों और महत्वपूर्ण खनिजों का भरोसेमंद आपूर्तिकर्ता बताया
अटलांटा, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। अर्जेंटीना ने अटलांटा में जी20 विदेश मंत्रियों की बैठक का इस्तेमाल खुद को पश्चिमी अर्थव्यवस्थाओं के लिए ऊर्जा, खाद्य पदार्थों और महत्वपूर्ण खनिजों के एक भरोसेमंद स्रोत के रूप में पेश करने के लिए किया। इस बैठक में मंत्रियों ने इस बात पर चर्चा की कि सप्लाई चेन को भू-राजनीतिक झटकों से कैसे बचाया जाए।
शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर विदेश मंत्री पाब्लो क्विरनो ने कहा, "हम जी20 विदेश मंत्रियों की बैठक में एक ऐसे अर्जेंटीना को पेश करने आए हैं, जिसने राष्ट्रपति जेवियर माइली के नेतृत्व में फिर से एक समृद्ध और शक्तिशाली राष्ट्र बनने का फैसला किया है।"
क्विरनो ने आगे कहा कि अर्जेंटीना समृद्ध इसलिए है "क्योंकि हमारे पास अपने उन संसाधनों की अपार क्षमता को जगाने का संकल्प है, जो दशकों से बेकार पड़े थे।" और शक्तिशाली इसलिए है "क्योंकि हम इतनी ताकत जुटाना चाहते हैं, जो हमारे राष्ट्र और पश्चिमी दुनिया के अस्तित्व को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है।"
उन्होंने कहा, "आज की स्वतंत्र दुनिया को ऊर्जा, भोजन और महत्वपूर्ण खनिजों के ऐसे भरोसेमंद आपूर्तिकर्ताओं की जरूरत है, जो भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं और मुख्य व्यापार मार्गों पर मंडराते खतरों के बावजूद आपूर्ति की गारंटी दे सकें। हमारा संकल्प है कि अर्जेंटीना ऐसे ही आपूर्तिकर्ताओं में से एक बने।"
उन्होंने इस बात को 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' (एआई) के दौर से भी जोड़ा। उन्होंने लिखा कि सुपर-इंटेलिजेंस और ऊर्जा व खनिज उत्पादन केंद्र एक-दूसरे को मजबूत करते हैं, जिससे डेटा सेंटरों के क्षेत्र में भारी तेजी आ सकती है।
उन्होंने कहा कि अर्जेंटीना ऊर्जा और जलवायु के मामले में मिले प्राकृतिक लाभों और नियमों को सरल बनाने की अपनी महत्वाकांक्षा के जरिए, इस तकनीकी दौड़ में एक प्रमुख भूमिका निभाना चाहता है।
यह बात बैठक के मेजबान (अमेरिका) के एजेंडे से भी मेल खाती है।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने बताया कि उन्होंने अन्य मंत्रियों से कहा है कि "समुद्री सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा ही आर्थिक सुरक्षा की नींव हैं।" अमेरिकी विदेश विभाग के 26 अक्टूबर के एक मीडिया नोट में बैठक के मुख्य मुद्दों के तौर पर "नेविगेशन की स्वतंत्रता, ऊर्जा व खाद्य सुरक्षा, और सप्लाई चेन" के सामने मौजूद खतरों का जिक्र किया गया था।
बैठक के दौरान हुई द्विपक्षीय वार्ताओं में 'महत्वपूर्ण खनिजों' का मुद्दा भी छाया रहा।
जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वेडफुल ने ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग से मुलाकात के बाद 'एक्स' पर लिखा: "यूरोप और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा से लेकर महत्वपूर्ण खनिजों तक, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया करीबी दोस्त और साझेदार हैं। ईयू-ऑस्ट्रेलिया मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) हमारे व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करेगा, आइए इसे हकीकत बनाएं!"
राष्ट्रपति जेवियर माइली के नेतृत्व में, लैटिन अमेरिका में अर्जेंटीना, ट्रंप प्रशासन के सबसे करीबी साझेदारों में से एक, रहा है।
क्विरनो ने यह नहीं बताया कि क्या अर्जेंटीना ने अटलांटा में कोई नया आपूर्ति समझौता किया है या नहीं।
--आईएएनएस
केआर/
