Aapka Rajasthan

सीएक्‍यूएम ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-3 हटाया, निर्माण और तोड़फोड़ के कार्यों पर पाबंदियां रहेंगी जारी

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में हो रहे सुधार को देखते हुए कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्यूएम) की ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) उप समिति ने मंगलवार को ग्रैप के तीसरे चरण को हटाने और इसके बजाय कम सख्त पाबंदियां लागू करने का फैसला किया है।
 

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्‍यूआई) में हो रहे सुधार को देखते हुए कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्‍यूएम) की ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) उप समिति ने मंगलवार को ग्रैप के तीसरे चरण को हटाने और इसके बजाय कम सख्त पाबंदियां लागू करने का फैसला किया है।

-समीक्षा के दौरान उप समिति ने पाया कि दिल्ली के एक्‍यूआई में सुधार हुआ है और मंगलवार को यह 204 दर्ज किया गया।

आईएमडी/आईआईटीएम के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में एक्‍यूआई के 'खराब' या 'बहुत खराब' श्रेणी में रहने की संभावना है। इसे देखते हुए उप-समिति ने 6 नवंबर को जारी उस आदेश को तत्काल प्रभाव से वापस लेने का निर्णय लिया, जिसके तहत ग्रैप के तीसरे चरण ('गंभीर' वायु गुणवत्ता) के उपाय लागू किए गए थे।

बयान में कहा गया है कि 30 अक्टूबर को जारी सीएक्‍यूएम का वह आदेश लागू रहेगा, जिसके तहत पूरे एनसीआर में धूल उड़ाने वाले तोड़फोड़ के कार्यों और बाहरी निर्माण गतिविधियों पर रोक लगाई गई है (कुछ छूट प्राप्त परियोजनाओं को छोड़कर)। यह आदेश सीएक्‍यूएम डॉट एनआईसी डॉट इन पर देखा जा सकता है।

आदेश में राज्य सरकारों और निजी कार्यालयों से कहा गया है कि 5 नवंबर से 20 नवंबर के बीच दिल्ली और आसपास के जिलों में उनके कुल स्टाफ का अधिकतम 50 प्रतिशत हिस्सा ही कार्यालय में भौतिक रूप से उपस्थित हो।

उप समिति ने कहा कि संबंधित एजेंसियां ​​कड़ी निगरानी रखेंगी और ग्रैप के पहले और दूसरे चरण के तहत उपायों को और सख्त करेंगी, ताकि एनसीआर में फिर से तीसरे चरण को लागू करने की नौबत न आए।

उप समिति ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे ग्रैप के पहले और दूसरे चरण के 'सिटिजन चार्टर' में बताए गए कदमों का पालन करें। साथ ही इस क्षेत्र में वायु गुणवत्ता को बनाए रखने और उसमें सुधार लाने के लिए ग्रैप के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने में सहयोग करें। आयोग स्थिति पर कड़ी नजर रख रहा है और आने वाले दिनों में हवा की गुणवत्ता की स्थिति की नियमित समीक्षा करेगा। बयान में कहा गया है कि ग्रैप का मौजूदा आदेश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

--आईएएनएस

एएसएच/वीसी