Aapka Rajasthan

एप्पल ने यौन कंटेंट संबंधी चिंताओं के बाद एआई चैटबॉट टॉकी को ऐप स्टोर से हटाया

नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। एप्पल ने यौन रूप से आपत्तिजनक कंटेंट और बच्चों के साथ अनुचित बातचीत को लेकर उठी चिंताओं के बाद चीनी कंपनी मिनीमैक्स द्वारा विकसित एआई चैटबॉट टॉकी को अपने ऐप स्टोर से वैश्विक स्तर पर हटा दिया है।
 

नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। एप्पल ने यौन रूप से आपत्तिजनक कंटेंट और बच्चों के साथ अनुचित बातचीत को लेकर उठी चिंताओं के बाद चीनी कंपनी मिनीमैक्स द्वारा विकसित एआई चैटबॉट टॉकी को अपने ऐप स्टोर से वैश्विक स्तर पर हटा दिया है।

रिपोर्ट के अनुसार, यह कार्रवाई एबीसी न्यूज और ब्रिटेन स्थित ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म की संयुक्त जांच के बाद की गई। जांच के दौरान जब एप्पल से इस मामले में प्रतिक्रिया मांगी गई, तब कंपनी ने यौन कंटेंट से जुड़ी चिंताओं का हवाला देते हुए ऐप को हटाने का फैसला लिया।

जांच में ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका के कई अभिभावकों के बयान सामने आए, जिन्होंने दावा किया कि उनके बच्चों की बातचीत प्लेटफॉर्म पर मौजूद एआई-जनित पात्रों के साथ यौन रूप से अनुचित और मौखिक रूप से अपमानजनक दिशा में चली गई थी।

टॉकी एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जो उपयोगकर्ताओं को टेक्स्ट और वॉइस के माध्यम से वर्चुअल किरदार बनाने और उनसे बातचीत करने की सुविधा देता है। यह यूजर्स को एआई पात्रों के साथ काल्पनिक व्यक्तिगत संबंध विकसित करने की भी अनुमति देता है।

हालांकि ऐप को एप्पल ऐप स्टोर और गूगल प्ले दोनों पर 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के यूजर्स के लिए उपयुक्त बताया गया था, लेकिन रिपोर्ट के अनुसार बड़ी संख्या में बच्चे भी इसका उपयोग कर रहे थे।

एप्पल ने पुष्टि की है कि टॉकी को हटाने का निर्णय वैश्विक स्तर पर लागू किया गया है। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार तक यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध था और वहां इसे 5 करोड़ से अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है।

टॉकी का संचालन सबसप द्वारा किया जाता है, जो सिंगापुर स्थित कंपनी है और मिनीमैक्स की सहायक इकाई है। यह प्लेटफॉर्म उपयोगकर्ताओं को अपने वर्चुअल पात्रों के साथ लंबे समय तक जुड़े रहने के लिए डिजाइन किया गया है।

जांच में देखे गए कंपनी के दस्तावेजों के अनुसार, टॉकी और इसके चीनी संस्करण (वर्जन) के उपयोगकर्ता औसतन 70 मिनट से अधिक प्रतिदिन इन प्लेटफॉर्मों पर बिताते हैं।

यह पहली बार नहीं है जब एप्पल ने टॉकी को अपने ऐप स्टोर से हटाया हो। वर्ष 2024 में भी उपयोगकर्ताओं द्वारा बनाई गई आपत्तिजनक कंटेंट के कारण इस प्लेटफॉर्म को हटाया गया था। बाद में मिनीमैक्स ने 2025 में इसका नया संस्करण लॉन्च किया था।

टॉकी को एक एआई-आधारित साथी और रोल-प्लेइंग प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है, जहां उपयोगकर्ता विभिन्न वर्चुअल पात्रों को तैयार कर उनसे बातचीत कर सकते हैं।

पारंपरिक एआई सहायकों जैसे चैटजीपीटी या जेमिनी के विपरीत, टॉकी का मुख्य उद्देश्य जानकारी उपलब्ध कराना नहीं बल्कि मनोरंजन, इंटरैक्टिव कहानी कहने और काल्पनिक संबंधों पर आधारित अनुभव प्रदान करना है।

--आईएएनएस

डीबीपी