अनिल कपूर ने दिखाई 'इंडिया के टॉप 1 परसेंट' की तैयारी की झलक, बोले- 'स्क्रीन पर जो दिखता है, वो कहानी का सिर्फ एक हिस्सा'
मुंबई, 30 सितंबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड एक्टर अनिल कपूर इन दिनों अपने नए रियलिटी शो 'इंडिया के टॉप 1 परसेंट' को लेकर चर्चा में हैं। इस बीच उन्होंने सोशल मीडिया पर शो की शूटिंग से पहले की तैयारी का एक मजेदार वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह अपनी टीम के साथ सवाल-जवाब करते, चीजों को समझते और हंसी-मजाक करते नजर आ रहे हैं।
इस वीडियो के साथ अनिल ने दिखाया कि कैमरे के सामने दिखने वाले कुछ मिनटों के पीछे घंटों की तैयारी छिपी होती है इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो पर लिखा नजर आ रहा है, ''तैयारी के दिन 'इंडिया के टॉप 1 परसेंट'।''
वीडियो में अनिल कपूर शो की टीम के साथ बातचीत करते और अलग-अलग चीजों को समझते नजर आ रहे हैं। कभी वह किसी सवाल को लेकर चर्चा करते हैं, तो कभी अपने अंदाज में माहौल को मजाकिया बना देते हैं।
वीडियो शेयर करते हुए अनिल ने कैप्शन में लिखा, ''आप स्क्रीन पर जो देखते हैं, वह कहानी का सिर्फ एक हिस्सा है। इसके पीछे घंटों की तैयारी, रिहर्सल, बातचीत, थोड़ी घबराहट और ढेर सारा अच्छा ह्यूमर था।''
अनिल कपूर इससे पहले भी शो के फॉर्मेट को लेकर बात कर चुके हैं। उन्होंने बताया था कि 'इंडिया के टॉप 1 परसेंट' में आने वाला हर चैलेंज कंटेस्टेंट की ऑब्जर्वेशन, लॉजिक, प्रेजेंस ऑफ माइंड और दबाव के बीच शांत रहने की क्षमता को परखेगा।
शो में क्विज शो से थोड़ा अलग फॉर्मेट है, जहां सिर्फ यह मायने नहीं रखता कि आपको कितना पता है, बल्कि यह भी देखा जाता है कि आप किसी चीज के बारे में सोचते कैसे हैं।
'इंडिया के टॉप 1 परसेंट: द अनिल कपूर शो' को इस तरह डिजाइन किया गया है कि अलग-अलग उम्र के लोग घर बैठे इसमें हिस्सा ले सकें।
यह शो स्टार प्लस और जियो हॉटस्टार पर प्रसारित हो रहा है।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम
