Aapka Rajasthan

'मेरे साथ बाथरूम तक आओगे क्या?', ईडी की कार्रवाई से जुड़े सवाल पर भड़के पूर्व सीएम विजयन

चेंगन्नूर (केरल), 9 सितंबर (आईएएनएस)। केरल के नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन बुधवार को उस समय मीडिया कर्मियों पर नाराज हो गए, जब उनसे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ताजा कार्रवाई को लेकर लगातार सवाल पूछे गए।
 

चेंगन्नूर (केरल), 9 सितंबर (आईएएनएस)। केरल के नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन बुधवार को उस समय मीडिया कर्मियों पर नाराज हो गए, जब उनसे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ताजा कार्रवाई को लेकर लगातार सवाल पूछे गए।

पत्रकारों के सवालों से घिरे विजयन ने कहा, "क्या आप मेरे साथ बाथरूम तक भी आओगे?"। यह घटना यहां कलिस्सेरी पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में हुई।

ईडी के निष्कर्ष और दस्तावेज राज्य पुलिस प्रमुख को भेजे जाने के बाद वह पहली बार सार्वजानिक तौर पर नजर आए थे। ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धारा 66 (2) के तहत विजयन, उनकी बेटी टी वीणा, दामाद और विधायक पीए मोहम्मद रियास समेत अन्य लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनों के तहत मामला दर्ज करने का अनुरोध किया है।

विजयन दोपहर के समय चंगनाचेरी जाते हुए रास्ते में इस रेस्ट हाउस पर रुके थे। जब वह कार से उतरे, तब रेस्ट हाउस के बरामदे में मीडिया कर्मियों का एक समूह उनका इंतजार कर रहा था।

पत्रकारों ने उन्हें घेरकर ईडी की कार्रवाई से जुड़ा मुख्य सवाल पूछा, लेकिन विजयन ने कोई जवाब नहीं दिया। वह रेस्ट हाउस के अंदर चले गए और पत्रकार भी उनके पीछे-पीछे जाते हुए बार-बार वही सवाल पूछते रहे।

जब वह एक कमरे में प्रवेश करने वाले थे, तभी नाराज नजर आए विजयन अचानक पीछे मुड़े और तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "क्या आप मेरे साथ बाथरूम तक भी आओगे?"

उन्होंने यह भी कहा, "मैं यहां आप लोगों से मिलने नहीं आया हूं।"

रेस्ट हाउस से बाहर निकलने और वाहन में बैठने के दौरान भी उन्होंने मीडिया के सवालों का कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद वह चंगनाचेरी के लिए रवाना हो गए। विजयन को अलाप्पुझा जिले में एक पार्टी बैठक को भी संबोधित करना था।

मीडिया से दूरी बनाए रखना विजयन के लिए कोई नई बात नहीं है। मुख्यमंत्री के रूप में अपने 10 साल के कार्यकाल के दौरान उन्होंने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद होने वाली साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग की परंपरा को समाप्त कर दिया था, जो कई दशकों से चली आ रही थी।

उनका रुख हमेशा स्पष्ट रहा है कि वह मीडिया की इच्छा पर नहीं, बल्कि अपनी इच्छा से बोलेंगे। यही वजह है कि वर्षों के दौरान उनके और मीडिया के बीच कई चर्चित घटनाएं सामने आई हैं।

जुलाई 2017 में एक वीडियो काफी वायरल हुआ था, जिसमें तिरुवनंतपुरम में भाजपा-आरएसएस नेताओं के साथ बैठक में पहुंचने पर विजयन मीडिया कर्मियों पर नाराज होते हुए उन्हें वहां से जाने के लिए कहते दिखाई दिए थे।

करीब नौ साल बाद परिस्थितियां भले बदल गई हों, लेकिन इस बार भी उनका जवाब पुराने 'विजयन' की याद दिलाने वाला रहा।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम