आंध्र प्रदेश की एक महिला ने अपने दो बच्चों को जहर देकर मार डाला और फिर की आत्महत्या
अमरावती, 14 जुलाई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के पालनाडु जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक महिला ने अपने दो नाबालिग बेटों को जहर देकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने आत्महत्या कर ली।
यह घटना पालनाडु जिले के विनुकोंडा मंडल स्थित विट्टमराजुपल्ली गांव में हुई। पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय नक्का भारती ने सोमवार रात अपने छह वर्षीय बेटे तेजेश रेड्डी और चार वर्षीय बेटे हेमनाथ नागी रेड्डी को जहर दिया। इसके बाद उसने गले में फंदा डालकर आत्महत्या कर ली।
मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पारिवारिक विवाद को इस त्रासदी का कारण माना जा रहा है। भारती का विवाह सुनील रेड्डी से हुआ था, जो दूध की वैन चलता है।
पड़ोसियों के अनुसार, सुनील रेड्डी बुरी आदतों का आदी हो गया था और परिवार की ठीक से देखभाल नहीं कर रहा था। इसी वजह से पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
इससे पहले, 30 जून को आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में भी ऐसी ही एक दर्दनाक घटना सामने आई थी। वहां एक महिला ने अपनी दो छोटी बेटियों की गला काटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद उसने भी अपना गला काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी।
पुलिस के मुताबिक, वरलक्ष्मी ने अपनी बेटियों भवानी (3) और चांदनी (चार महीने) की हत्या कर दी। पारिवारिक विवाद के चलते कथित तौर पर हत्याएं हुईं और वरलक्ष्मी ने आत्महत्या का प्रयास किया।
13 जून को एक महिला ने अपने दो बच्चों की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। यह घटना तेलंगाना के विकाराबाद जिले के अदावी वेंकटपुरम गांव में घटी।
पुलिस के मुताबिक, नबनिता (27) ने अपने बेटे विग्नेश (7) और बेटी मधुप्रिया (5) की हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि घरेलू विवाद के बाद वह गंभीर अवसाद से ग्रस्त थी।
--आईएएनएस
एसएचके/वीसी
