नाइजीरियाई इन्फ्लुएंसर अगु स्टेनली को हीरो बनना है पसंद, बोले- 'मजाकिया किरदार भी मुझ पर खूब जंचेंगे'
मुंबई, 17 अगस्त (आईएएनएस)। नाइजीरियाई इन्फ्लुएंसर अगु स्टेनली ने रियलिटी शो 'अलायंस' में अपनी खास मौजूदगी से भारतीय दर्शकों का ध्यान खींचा था। एक तरफ उनकी हिंदी और दूसरी भारतीय भाषाएं बोलने की क्षमता ने लोगों को हैरान किया, तो दूसरी तरफ उनके मजाकिया और मिलनसार अंदाज ने भी लोगों का दिल जीता।
अब अगु ने आईएएनएस से बातचीत में अपने अगले कदम को लेकर बात की। उन्होंने बताया कि वह अभिनय की दुनिया में आगे बढ़ना चाहते हैं और पर्दे पर ऐसे किरदार निभाने का सपना देख रहे हैं, जिनमें उनका अपना व्यक्तित्व भी नजर आए। वह मजाकिया इंसान हैं, इसलिए हास्य से भरी भूमिका उन्हें खूब पसंद आएगी।
आईएएनएस से खास बातचीत में अगु ने कहा, ''अभिनय मेरे लिए कोई नई चीज नहीं है। मैं पहले ही कुछ फिल्मों में काम कर चुका हूं और इस काम को काफी पसंद करता हूं। मैं अनुराग कश्यप की फिल्म 'बंदर' का हिस्सा रहा हूं। इसके अलावा मैं खुशाली कुमार की 'दुल्हनिया ले आएगी' और 'सिंग गीतम' में भी काम कर चुका हूं। मुझे अभिनय करने में काफी मजा आता है।''
अगु से जब आईएएनएस ने पूछा कि आगे वह किस तरह के किरदार निभाना चाहेंगे, तो उन्होंने कहा, ''मैं खुद को काफी मजाकिया इंसान मानता हूं और इसलिए हास्य वाले किरदार मेरे ऊपर खूब जंचेंगे। लेकिन मेरी पहली पसंद सिर्फ कॉमेडी तक सीमित नहीं है। मैं पर्दे पर एक मजबूत हीरो की भूमिका भी निभाना चाहता हूं।''
अगु ने कहा, ''मैं खुद को किसी एक तरह के किरदार में बांधकर नहीं रखना चाहता। मैं जहां एक तरफ अपनी मजाकिया छवि को पर्दे पर इस्तेमाल करना चाहते हैं, वहीं भावुक और दूसरे तरह के किरदारों के लिए भी तैयार हूं। मेरा मानना है कि अभिनेता के तौर पर अलग-अलग तरह की भूमिकाएं निभाने से खुद को और बेहतर तरीके से समझने और दिखाने का मौका मिलेगा।''
अभिनय के अलावा अगु की दिलचस्पी मनोरंजन के दूसरे क्षेत्रों में भी है। उन्होंने कहा, ''मैं फिल्मों के साथ-साथ टेलीविजन और ओटीटी पर भी काम करना चाहता हूं। इसके अलावा, गायकी और खेलों में भी मेरी रुचि है। मैं मनोरंजन की अलग-अलग विधाओं में अपनी पहचान बनाने की कोशिश करना चाहता हूं।''
अगु को हाल ही में खत्म हुए रियलिटी शो 'अलायंस' से काफी लोकप्रियता मिली। शो में उनकी आकर्षक मौजूदगी के साथ सबसे ज्यादा जिस चीज ने लोगों का ध्यान खींचा, वह थी भारतीय भाषाओं पर उनकी पकड़। वह हिंदी, मराठी, भोजपुरी और गुजराती बोल लेते हैं। अगु के मुताबिक उन्होंने इन भाषाओं को फिल्में देखकर सीखा है।
--आईएएनएस
पीके/एएस
