कोलकाता में फर्जी भारतीय दस्तावेजों के साथ अफगान नागरिक गिरफ्तार
कोलकाता, 18 नवंबर (आईएएनएस)। कोलकाता पुलिस और मध्य प्रदेश पुलिस के संयुक्त अभियान के बाद एक अफगान नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि वह फर्जी पहचान और जाली भारतीय पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल करके कोलकाता में अवैध रूप से रह रहा था।
आरोपी की पहचान मीर अहमद जर के रूप में हुई है। उसे मंगलवार देर रात रात कोलकाता के मध्य इलाके सियालदह में उसके किराये के मकान पर की गई छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया गया।
हैरानी की बात यह है कि उसके पास कई महत्वपूर्ण भारतीय दस्तावेज थे, जिनमें निवास प्रमाण पत्र (डोमिसाइल सर्टिफिकेट) और राशन कार्ड शामिल हैं। इतना ही नहीं, उसने मतदाता सूची में भी अपना नाम दर्ज करवा लिया था, जिसे इस साल की शुरुआत में विधानसभा चुनावों से पहले 'विशेष गहन पुनरीक्षण' प्रक्रिया के दौरान हटा दिया गया था।
कोलकाता पुलिस के एक सूत्र के अनुसार, जर शहर में 'अयूब खान' के फर्जी नाम से रह रहा था। उसने अपनी पहचान साबित करने और देश में बने रहने के लिए इसी फर्जी नाम का इस्तेमाल करके कई भारतीय पहचान दस्तावेज हासिल किए थे।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी पहली बार 2015 में भारत आया था लेकिन बाद में अफगानिस्तान लौट गया। वह 2017 में फिर भारत आया और शुरुआत में मध्य प्रदेश के जबलपुर में बस गया। इसके बाद वह कोलकाता आ गया और सियालदह इलाके में रहने लगा।
गिरफ्तारी के समय, पुलिस ने उसके पास से कई दस्तावेज बरामद किए, जिनमें उत्तर 24 परगना जिले की भाटपारा नगर पालिका द्वारा जारी निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस शामिल हैं।
जांचकर्ताओं को यह भी पता चला कि इस साल की शुरुआत में पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों से पहले हुई 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) के दौरान उसका नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया था।
नाम हटाए जाने के बाद उसने कथित तौर पर मतदाता सूची में अपना नाम फिर से शामिल करने के लिए आवेदन किया था।
यह गिरफ्तारी मध्य प्रदेश पुलिस की 'स्पेशल ब्रांच' की जांच के बाद हुई है, जिसने इससे पहले राज्य में एक छापेमारी के दौरान पांच अफगान नागरिकों को पकड़ा था। ये पांचों लोग कथित तौर पर फर्जी पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल करके भारत में रह रहे थे।
पूछताछ के दौरान, जांचकर्ताओं को 'अयूब खान' के बारे में जानकारी मिली, जिसकी असली पहचान बाद में मीर अहमद जर के रूप में हुई।
इस जानकारी के आधार पर, मध्य प्रदेश पुलिस के अधिकारियों ने कोलकाता पुलिस से संपर्क किया और दोनों ने मिलकर सियालदह में उसके किराए के मकान पर छापेमारी की।
आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने आधिकारिक प्रमाणपत्रों सहित कई भारतीय पहचान दस्तावेज कैसे हासिल किए और क्या इन दस्तावेजों को प्राप्त करने में किसी ने उसकी मदद की थी। जांचकर्ता उन परिस्थितियों की भी जांच कर रहे हैं, जिनके चलते वह एक फर्जी पहचान का इस्तेमाल करके कई सालों तक कोलकाता में रहने में कामयाब रहा।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम
