अदाणी पोर्ट्स ने अमेरिकी कंपनी कालेरिस के साथ बढ़ाई साझेदारी, एआई के जरिए बदलेगा पोर्ट और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क
अहमदाबाद, 16 जून (आईएएनएस)। अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) ने मंगलवार को अमेरिका की कंपनी कालेरिस के साथ अपनी साझेदारी का विस्तार किया है। इस कदम का उद्देश्य कंपनी के पोर्ट और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित बदलाव को तेज करना है।
अदाणी ग्रुप की इस कंपनी ने अपने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि इस साझेदारी के तहत 15 कंटेनर टर्मिनलों में उन्नत ऑटोमेशन, ऑप्टिमाइजेशन और डिजिटल ऑपरेटिंग सॉल्यूशंस लागू किए जाएंगे, जिससे कंपनी को संचालन दक्षता बढ़ाने, क्षमता में इजाफा करने और तकनीक आधारित विकास रणनीति को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
यह सहयोग वित्त वर्ष 2031 तक की अदाणी पोर्ट्स की व्यापक रणनीतिक योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस योजना के तहत कंपनी तकनीकी आधुनिकीकरण और कार्बन उत्सर्जन में कमी (डिकार्बोनाइजेशन) के लिए 85 करोड़ डॉलर (850 मिलियन डॉलर) का निवेश करने जा रही है।
इस प्रस्तावित निवेश में से करीब 10 करोड़ डॉलर (100 मिलियन डॉलर) दो चरणों में खर्च किए जाएंगे, ताकि कालेरिस के साथ मिलकर पोर्ट संचालन में ऑटोमेशन और ऑप्टिमाइजेशन को तेजी से लागू किया जा सके।
यह पहल एपीएसईजेड के उस बड़े लक्ष्य का हिस्सा है, जिसके तहत कंपनी तकनीक-आधारित एकीकृत परिवहन प्लेटफॉर्म तैयार करना चाहती है और वर्ष 2030 तक सालाना एक अरब टन कार्गो हैंडलिंग क्षमता हासिल करना चाहती है।
इस बहुवर्षीय समझौते के तहत कालेरिस नौ घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बंदरगाहों पर स्थित 15 एपीएसईजेड कंटेनर टर्मिनलों में अपनी टर्मिनल ऑपरेटिंग सिस्टम और एआई-आधारित कंटेनर हैंडलिंग तथा ऑप्टिमाइजेशन समाधान लागू करेगी।
यह विस्तार पहले चरण की सफलता पर आधारित है, जिसमें छह बंदरगाहों पर इन तकनीकों को पहले ही लागू किया जा चुका है।
एपीएसईजेड के पूर्णकालिक निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अश्विनी गुप्ता ने कहा कि एआई-आधारित ऑटोमेशन बंदरगाह और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा के अगले चरण को तय करेगा।
उन्होंने कहा, "एपीएसईजेड पहले से ही तट से लेकर अंतिम गंतव्य तक एक एंड-टू-एंड डिजिटल प्लेटफॉर्म संचालित कर रहा है, जो सहज ट्रैकिंग और एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल क्षमताएं प्रदान करता है। कालेरिस का एकीकरण उत्पादकता बढ़ाएगा, टर्नअराउंड टाइम कम करेगा और ग्राहकों को बेहतर अनुभव प्रदान करेगा।"
एपीएसईजेड ने कहा कि इस परियोजना के जरिए उसके समुद्री और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क के लिए एक एकीकृत डिजिटल ढांचा तैयार होगा, जिससे उन्नत योजना, ऑटोमेशन और परिचालन दक्षता में सुधार संभव होगा।
कंपनी का अनुमान है कि इस सहयोग से वर्ष 2030 तक अतिरिक्त 9.1 करोड़ मीट्रिक टन (91 एमएमटी) कार्गो हैंडलिंग क्षमता हासिल की जा सकेगी, जो उसकी मौजूदा स्थापित क्षमता का लगभग 10 प्रतिशत होगा।
कालेरिस के अध्यक्ष और सीईओ किर्क नॉफ ने कहा, "एपीएसईजेड बड़े पैमाने पर एआई-सक्षम पोर्ट नेटवर्क के वास्तविक प्रभाव को प्रदर्शित कर रहा है।"
उन्होंने कहा, "सभी 15 टर्मिनलों तक विस्तार इस बात का प्रमाण है कि इस साझेदारी से पहले ही अच्छे नतीजे मिले हैं और दोनों कंपनियों के बीच विश्वास भी मजबूत हुआ है।"
--आईएएनएस
डीबीपी
