गौतम अदाणी के जन्मदिन पर अदाणी फाउंडेशन ने बनाया रिकॉर्ड, 754 स्थानों से संग्रहित किया 52,306 यूनिट रक्त
अहमदाबाद, 25 जून (आईएएनएस)। अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी के 64वें जन्मदिन के अवसर पर अदाणी फाउंडेशन ने राष्ट्रव्यापी रक्तदान अभियान के तहत रिकॉर्ड 52,306 यूनिट रक्त संग्रहित किया। यह अभियान 21 राज्यों, 5 केंद्र शासित प्रदेशों और 4 अंतरराष्ट्रीय स्थानों में फैले 754 से अधिक शहरों, कस्बों और गांवों में आयोजित किया गया, जो पिछले साल एकत्र किए गए 28,090 यूनिट रक्त के आंकड़े से कहीं अधिक है। इसकी जानकारी गुरुवार को फाउंडेशन की ओर से दी गई।
बुधवार को आयोजित इस रक्तदान अभियान का आयोजन 764 से अधिक ब्लड बैंकों के सहयोग से किया गया, जिनमें रेड क्रॉस सेंटर्स, सरकारी अस्पताल और ट्रस्ट द्वारा संचालित ब्लड बैंक शामिल रहे। इस अभियान में हजारों रक्तदाताओं और स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
अभियान को सफल बनाने के लिए अदाणी ग्रुप के विभिन्न विभागों से जुड़े 6,000 से अधिक स्वयंसेवकों ने योगदान दिया। इनमें डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, डेटा ऑपरेटर और प्रशासनिक कर्मचारी शामिल रहे, जिन्होंने अभियान के सुचारू संचालन को सुनिश्चित किया।
अदाणी हेल्थकेयर टीम के नेतृत्व में आयोजित यह पहल गौतम अदाणी के "सेवा ही साधना है" के विचार से प्रेरित है, जो समाज सेवा को सबसे बड़ी जिम्मेदारी और योगदान के रूप में देखता है।
इस अभियान के दौरान लगभग 23,538 लीटर रक्त एकत्र किया गया, जिससे 1,56,918 से अधिक मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इस रक्त से संपूर्ण रक्त, पैक्ड सेल वॉल्यूम, प्लेटलेट्स, प्लाज्मा, फ्रेश फ्रोजन प्लाज्मा, क्रायोप्रेसिपिटेट और एल्ब्यूमिन जैसे महत्वपूर्ण रक्त घटक उपलब्ध कराए जा सकेंगे।
ये रक्त घटक आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं, सर्जरी, कैंसर उपचार, मातृ स्वास्थ्य सेवाओं और गंभीर एवं दीर्घकालिक बीमारियों के इलाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. प्रीति अदाणी ने कहा कि यह अभियान गौतम अदाणी की सेवा भावना का प्रतीक है और इसे सफल बनाने में अदाणी परिवार, स्वयंसेवकों तथा चिकित्सा विशेषज्ञों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
डॉ. प्रीति अदाणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए अभियान में योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने वालों की इस पहल से हजारों मरीजों और उनके परिवारों को नई उम्मीद और सहारा मिलेगा।
साल 2011 में केवल 1,300 यूनिट रक्त संग्रह से शुरू हुई यह पहल आज एक वार्षिक परंपरा का रूप ले चुकी है। गौतम अदाणी के जन्मदिन को समाज सेवा के माध्यम से मनाने की इस परंपरा ने समय के साथ देश के सबसे बड़े स्वैच्छिक रक्तदान अभियानों में अपनी जगह बना ली है।
अदाणी फाउंडेशन ने कहा कि यह अभियान समावेशी और सतत विकास के प्रति उसकी व्यापक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही यह साबित करता है कि सामूहिक रूप से किए गए छोटे-छोटे सेवा कार्य समाज पर बड़ा सकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं।
--आईएएनएस
डीबीपी
