Aapka Rajasthan

चुनावी माहौल के बीच विजय और संगीता के तलाक मामले की सुनवाई टली, आपसी सहमति से समझौते के संकेत

चेन्नई, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों के चलते राजनीतिक माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। इसी बीच अभिनेता से नेता बने विजय और पत्नी संगीता के तलाक का मामला भी चर्चा का विषय बन गया है। इस मामले पर चेंगलपट्टू के फैमिली वेलफेयर कोर्ट में सोमवार को सुनवाई हुई।
 
इससे पहले अदालत ने विजय को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए समन जारी किया था। सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के वकीलों ने एक नई याचिका दाखिल की, जिसमें सुनवाई को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया गया। कोर्ट ने इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए मामले की अगली तारीख 15 जून तय कर दी।

मामले से जुड़े सूत्रों के अनुसार, दोनों के वकीलों ने कोर्ट को बताया कि विजय और संगीता ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला कर लिया है।

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच कई मुद्दों पर पहले ही बातचीत हो चुकी है। इनमें एलिमनी और बच्चों के भविष्य को लेकर आर्थिक सुरक्षा जैसे पहलू शामिल हैं। हालांकि कोर्ट में इन बातों की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई, लेकिन माना जा रहा है कि दोनों शांतिपूर्ण समझौते की ओर आगे बढ़ रहे हैं।

अदालत ने दोनों पक्षों की संयुक्त याचिका को ध्यान में रखते हुए सुनवाई को आगे बढ़ाने का फैसला किया। जज ने माना कि जब दोनों पक्ष आपसी सहमति से आगे बढ़ना चाहते हैं, तो उन्हें आवश्यक समय दिया जाना चाहिए। इसके अलावा कोर्ट ने यह भी माना कि विजय इस समय चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं और सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियां भी हैं, जिसके कारण उन्हें अतिरिक्त समय देना उचित है।

यह मामला ऐसे समय पर सामने आया है, जब तमिलनाडु में 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार अपने चरम पर है। विजय इन दिनों राज्यभर में सक्रिय रूप से चुनाव प्रचार कर रहे हैं और उनकी राजनीतिक भूमिका तेजी से मजबूत होती जा रही है। ऐसे में उनकी निजी जिंदगी से जुड़ा यह मामला भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

हालांकि इस सुनवाई में न तो विजय और न ही संगीता व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में उपस्थित हुए, लेकिन उनके वकीलों के जरिए दी गई जानकारी से यह स्पष्ट हो गया है कि दोनों आपसी सहमति से तलाक की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहे हैं।

अब इस मामले की अगली सुनवाई 15 जून को होगी।

--आईएएनएस

पीके/वीसी