आदि साईकुमार की अगली फिल्म 'आदि रुद्र', डिवाइन मिस्ट्री थ्रिलर के साथ पैन इंडिया मूवी भी
हैदराबाद, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। निर्देशक नवरासन की अपकमिंग पैन-इंडियन डिवाइन मिस्ट्री थ्रिलर 'आदि रुद्र' में अभिनेता आदि साईकुमार मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इसकी घोषणा फिल्म निर्माताओं ने मंगलवार को की।
फिल्म का निर्माण करने वाले प्रोडक्शन हाउस त्रिशूल एंटरटेनमेंट्स ने अपनी अगली फिल्म का शीर्षक 'आदि रुद्र' घोषित किया और बताया कि यह एक पैन-इंडियन प्रोजेक्ट है। इसमें डिवाइन मिस्ट्री थ्रिलर को ध्यान में रखा गया है, जो दर्शकों के लिए एंटरटेनमेंट का शानदार डोज होगा।
आदि साईकुमार मुख्य भूमिका में हैं और यह फिल्म पांच भाषाओं, तेलुगु, कन्नड़, तमिल, हिंदी और मलयालम, में बनाई जाएगी।
त्रिशूल एंटरटेनमेंट्स के बैनर तले प्रशांत जी रुद्रप्पा द्वारा निर्मित यह फिल्म प्रोडक्शन हाउस का तीसरा प्रोजेक्ट होगा। प्रशांत जी रुद्रप्पा इससे पहले 'दंडुपल्या' और 'कृष्ण प्रणय सखी' का निर्माण कर चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार, आगामी फिल्म की कहानी 1960 से 1990 के बीच के समय पर आधारित होगी। इसमें निहित रहस्य का समृद्ध ऐतिहासिक संदर्भ होगा। माना जा रहा है कि यह ऐतिहासिक पृष्ठभूमि फिल्म की दुनिया, पात्रों, दृश्य पहचान और कथानक को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
फिल्म की टीम कहानी के बारे में चुप्पी साधे हुए है। उन्हें महत्वपूर्ण कथानक संबंधी जानकारियों के लीक होने का डर है। 'कांतारा', 'विरुपाक्षा', 'मंगलवारम' और तमिल फिल्म 'महाराजा' जैसी मूवी से प्रसिद्ध जाने-माने संगीत निर्देशक बी. अजनीश लोकनाथ को इस फिल्म के संगीत निर्देशक के रूप में चुना गया है। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी प्रतिभाशाली एजे शेट्टी संभालेंगे।
शूटिंग शेड्यूल, कलाकारों, तकनीकी दल और अन्य निर्माण संबंधी जानकारियों की आधिकारिक घोषणा उचित समय पर होने की उम्मीद है।
आदि साईकुमार के लिए, यह प्रोजेक्ट उनके सिनेमाई सफर में एक रोमांचक नया अध्याय है, जो उन्हें दिव्य रहस्य की दिलचस्प दुनिया में ले जाता है। इस फिल्म का उद्देश्य उन्हें एक विशिष्ट सिनेमाई शैली में प्रस्तुत करना और दर्शकों को एक नया और आकर्षक अनुभव प्रदान करना है।
सूत्रों का दावा है कि निर्माताओं ने अगले साल जनवरी में शूटिंग शुरू करने की योजना बनाई है।
--आईएएनएस
एबीएम/
