जीवी प्रकाश कुमार को मिला तीसरा नेशनल अवॉर्ड, एआर रहमान बोले- 'परिवार का यह 10वां राष्ट्रीय सम्मान'
मुंबई, 19 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय संगीत जगत में एआर रहमान और जीवी प्रकाश कुमार ऐसे नाम हैं, जिन्होंने अपनी धुनों से देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के लोगों का दिल जीता है। अब जीवी प्रकाश कुमार ने एक बार फिर राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतकर अपने करियर में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। उनकी इस कामयाबी पर एआर रहमान ने भी खुशी जताई है और इसे अपने पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया है।
ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जीवी प्रकाश कुमार को तीसरी बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिलने पर बधाई दी।
उन्होंने पोस्ट में लिखा, ''जीवी प्रकाश कुमार को उनके तीसरे राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए हार्दिक बधाई। हमारे परिवार के लिए यह बेहद गर्व का पल है, क्योंकि हम साथ मिलकर अपना 10वां राष्ट्रीय पुरस्कार मना रहे हैं। संगीत के प्रति आपका जुनून, ईमानदारी और समर्पण लगातार प्रेरित करता है। आने वाले समय में आप और भी कई उपलब्धियां हासिल करें। ईश्वर आपका भला करे।''
दरअसल, जीवी प्रकाश कुमार को निर्देशक राजकुमार पेरियासामी की फिल्म 'अमरन' के लिए सर्वश्रेष्ठ बैकग्राउंड स्कोर का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला है।
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में सम्मान मिलने के बाद जीवी प्रकाश कुमार ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया और लिखा, ''72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में 'अमरन' के लिए सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक का सम्मान पाकर मैं बेहद विनम्र और आभारी महसूस कर रहा हूं। तीसरी बार यह प्रतिष्ठित पुरस्कार जीतना मेरे लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है और मैं इसे पूरे दिल से स्वीकार करता हूं।''
उन्होंने इस सम्मान के लिए जूरी और चयन समिति का आभार व्यक्त करते हुए लिखा, ''इस सम्मान के लिए मैं प्रतिष्ठित जूरी और चयन समिति का दिल से धन्यवाद देता हूं। फिल्म के निर्माता कमल हासन का खासतौर पर आभार, जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया और इस खूबसूरत फिल्म का हिस्सा बनने का अवसर दिया। निर्देशक राजकुमार पेरियासामी का भी धन्यवाद, जिन्होंने इस पूरे सफर में हमेशा मेरा साथ दिया।''
--आईएएनएस
पीके/डीकेपी
