Aapka Rajasthan

बिहार : भागलपुर में जमीन और पैसों के विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, छोटे भाई समेत चार लोगों पर आरोप

पटना, 14 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के भागलपुर जिले में शनिवार की सुबह जमीन और पैसों के विवाद को लेकर एक व्यक्ति की उसके छोटे भाई और तीन साथियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना बाबरगंज थाना क्षेत्र के अलीगंज इलाके में एक वृद्धाश्रम के पास हुई।
 

पटना, 14 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के भागलपुर जिले में शनिवार की सुबह जमीन और पैसों के विवाद को लेकर एक व्यक्ति की उसके छोटे भाई और तीन साथियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना बाबरगंज थाना क्षेत्र के अलीगंज इलाके में एक वृद्धाश्रम के पास हुई।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान नंदलाल यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनके सिर और पेट में कई गोलियां मारी गईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय खबरों के अनुसार, चार से पांच राउंड फायरिंग हुई। परिजनों ने नंदलाल के छोटे भाई शंभू यादव और तीन अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।

आरोप है कि घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

परिवार के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच पैसों के लेन-देन और पैतृक जमीन में अपने हिस्से को लेकर विवाद चल रहा था। शंभू ने नंदलाल से 7 लाख रुपए उधार लिए थे, जिसे वापस करने के लिए नंदलाल लगातार दबाव डाल रहे थे।

शंभू ने पैसे चुकाने के लिए जमीन में अपना हिस्सा बेचने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन दोनों के बीच सहमति नहीं बन पाई।

नंदलाल की पत्नी जूना देवी ने बताया कि उनके पति शनिवार सुबह चाय पीने के लिए घर से निकले थे, तभी उन पर हमला किया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस हत्या में शंभू और तीन अन्य लोग शामिल थे। जूना देवी ने यह भी दावा किया कि कुछ दिन पहले शंभू पिस्तौल लेकर उनके घर आया था और पूरे परिवार को गोली मारने की धमकी दी थी।

नंदलाल दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करते थे और अपने परिवार का मुख्य सहारा थे। उनकी मौत से परिवार में मातम पसर गया है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर बाबरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया।

भागलपुर के मुख्यालय डीएसपी मोहम्मद अयूब ने कहा, "एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। उसके भाई पर हत्या का आरोप है। पूरे मामले की जांच चल रही है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया गया और सबूत जुटाए जा रहे हैं।"

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम