Aapka Rajasthan

अमित शाह के कोलकाता दौरे से पहले श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के साथ तोड़फोड़, जांच में जुटी पुलिस

कोलकाता, 5 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कोलकाता दौरे से ठीक एक दिन पहले श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ की घटना हुई। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है जबकि भाजपा ने इसे लेकर कड़ा विरोध जताया है।
 

कोलकाता, 5 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कोलकाता दौरे से ठीक एक दिन पहले श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ की घटना हुई। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है जबकि भाजपा ने इसे लेकर कड़ा विरोध जताया है।

पुलिस के मुताबिक, मध्य कोलकाता के सुखिया स्ट्रीट इलाके में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के चबूतरे का निचला हिस्सा टूटा हुआ मिला। उनकी 125वीं जयंती के अवसर पर इस प्रतिमा को हाल ही में स्थापित किया गया था। इसका उद्घाटन सोमवार को भाजपा के प्रदेश नेताओं द्वारा किया जाना था।

प्रतिमा के चबूतरे पर नाम पट्टिका भी लगा दी गई थी और शनिवार रात तक पूरा काम पूरा हो चुका था। लेकिन रविवार सुबह जब लोग मौके पर पहुंचे तो चबूतरा क्षतिग्रस्त मिला।

कोलकाता पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, यह घटना आधी रात के बाद हुई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि तोड़फोड़ करने वालों की पहचान की जा सके।

इस घटना को लेकर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने इस मामले में एमहर्स्ट थाने में शिकायत दर्ज कराई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कोलकाता पहुंचेंगे। इस अवसर पर भाजपा सरकार ने 6 जुलाई को राज्य अवकाश घोषित किया है।

भाजपा के कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह सोमवार दोपहर 3:50 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे। वहां से वह सीधे दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आवास जाएंगे और उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।

इसके बाद शाम 4:50 बजे वह न्यू टाउन के इको पार्क पहुंचेंगे, जहां श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125-फीट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला रखेंगे। इस दौरान उनके साथ पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समीक भट्टाचार्य भी मौजूद रहेंगे।

शाम 5:30 बजे अमित शाह विश्व बांग्ला मेला प्रांगण में आयोजित श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती समारोह में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह दिल्ली लौट जाएंगे।

सोमवार को भाजपा की ओर से मध्य कोलकाता के मुरलीधर सेन लेन स्थित प्रदेश कार्यालय में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, "यह हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए बेहद खुशी का अवसर है। पश्चिम बंगाल के उन सभी कार्यकर्ताओं के लिए यह ऐतिहासिक दिन है, जो लंबे समय से पार्टी की विचारधारा से जुड़े हैं या हाल के वर्षों में भाजपा से जुड़े हैं। केंद्रीय गृह मंत्री 6 जुलाई को हमारे साथ इस समारोह में शामिल होने आ रहे हैं। यह निस्संदेह एक ऐतिहासिक क्षण है।"

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम