दिल्ली में बाइक को 500 मीटर घसीटने वाले बुजुर्ग चालक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
नई दिल्ली, 18 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के आरके पुरम थाना क्षेत्र में बाइक को 500 मीटर खसीटने के मामले में पुलिस ने 73 वर्षीय कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार देर रात हुई इस घटना का एक वीडियो सामने आया है।
वीडियो में एक कार पेड़ों से घिरी सड़क पर चलती दिखाई दे रही है, जिसके नीचे बाइक फंसी हुई है और सड़क पर घिसटने से चिंगारियां निकलती नजर आ रही हैं। इसी दौरान एक स्कूटर सवार कार का पीछा करते हुए चालक से बार-बार गाड़ी रोकने के लिए कहता है। वह कहता है, "अरे, गाड़ी रोकिए... साइड में लगाइए, लेकिन बुजुर्ग बाइक फंसी होने के बावजूद कार चलाता रहता है।
कुछ दूरी पर जाकर कार रुकती है। स्कूटर पर पीछे बैठी एक महिला पूरी घटना का वीडियो बनाती है और कार के पास पहुंचकर चालक से बाहर आने को कहती है। वह कहती है, "बाहर आइए, हाथ मत जोड़िए, पहले बाहर निकलिए।" भीड़ में मौजूद एक अन्य व्यक्ति बुजुर्ग चालक को "बेशर्म" कहते हुए सुनाई देता है।
चालक की पहचान वसंत कुंज निवासी वेनु गोपाल के रूप में हुई है। वीडियो में वह हाथ जोड़कर माफी मांगते दिखाई देते हैं। इसी दौरान एक व्यक्ति उनका कॉलर पकड़कर उन्हें कार से निकालने की कोशिश करता है।
तब तक मौके पर काफी लोग इकट्ठा हो चुके थे। कार से निकलने के बाद लोगों ने वेनु गोपाल से सवाल-जवाब किए। वीडियो में एक महिला उन्हें थप्पड़ मारती हुई भी दिखाई देती है।
बाइक सवार तपस भी कार चालक से कहता है "अगर यह गलती थी तो आप रुक सकते थे। मेरी जान भी जा सकती थी।" भीड़ में मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने चालक से पूछा कि अगर बाइक के नीचे कोई व्यक्ति फंस गया होता तो क्या होता।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, जांच के लिए कार को जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि तपस सड़क किनारे खड़ी अपनी मोटरसाइकिल पर बैठे हुए थे, तभी नीले रंग की कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।टक्कर लगने से तपस बाइक से गिर गए, लेकिन बाइक कार में फंस गई, लेकिन बुजुर्ग ने गाड़ी नहीं रोकी और बाइक को लगभग 500 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद चालक का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया। जांच में यह संकेत नहीं मिला कि वह शराब के नशे में था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और मोटरसाइकिल को इतनी दूर तक क्यों घसीटा गया।
यह घटना हाल ही में गुरुग्राम में सामने आए एक मामले के बाद हुई है, जिसमें एक कार चालक पर बाइकर्स क्लब से जुड़ी एक महिला बाइक सवार को जानबूझकर टक्कर मारने का आरोप लगा था। उस मामले में भी चालक को गिरफ्तार किया गया था।
--आईएएनएस
डीकेएम/
