Aapka Rajasthan

मुंबई में गणेशोत्सव के सातवें दिन 6,436 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन, कोई अप्रिय घटना नहीं

मुंबई, 20 सितंबर (आईएएनएस)। मुंबई में गणेशोत्सव के सातवें दिन रविवार को कुल 6,436 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार रात 9 बजे तक विसर्जन प्रक्रिया के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
 

मुंबई, 20 सितंबर (आईएएनएस)। मुंबई में गणेशोत्सव के सातवें दिन रविवार को कुल 6,436 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार रात 9 बजे तक विसर्जन प्रक्रिया के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

बीएमसी की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार रात 9 बजे तक 99 सार्वजनिक गणेश प्रतिमाएं, 6,127 घरेलू गणेश प्रतिमाएं और 210 गौरी प्रतिमाओं का शहर के विभिन्न निर्धारित विसर्जन स्थलों और कृत्रिम विसर्जन कुंडों में विसर्जन किया गया।

रिपोर्ट के अनुसार, सबसे अधिक संख्या घरेलू गणेश प्रतिमाओं की रही, जिनका विसर्जन श्रद्धालुओं ने विभिन्न स्थानों पर किया। सार्वजनिक मंडलों की 99 प्रतिमाओं के साथ-साथ गौरी पूजन के तहत स्थापित 210 गौरी प्रतिमाओं का भी विसर्जन किया गया।

बीएमसी अधिकारियों ने बताया कि विसर्जन स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनाए रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। नगर निगम की टीमें पूरे दिन विभिन्न विसर्जन स्थलों पर निगरानी करती रहीं।

बीएमसी ने कहा कि रात 9 बजे तक विसर्जन के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना दर्ज नहीं हुई और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

गणेश चतुर्थी महाराष्ट्र के सबसे बड़े धार्मिक उत्सवों में से एक है, जिसमें श्रद्धालु भगवान गणेश की स्थापना, पूजा-अर्चना और निर्धारित दिनों में प्रतिमाओं का विसर्जन करते हैं। विसर्जन को भगवान गणेश की अपने धाम वापसी का प्रतीक माना जाता है।

--आईएएनएस

डीएससी