Aapka Rajasthan

तेलंगाना: आवासीय विद्यालय में नाश्ते के बाद 26 छात्र बीमार पड़े, फूड पॉइजनिंग की आशंका

हैदराबाद, 9 जुलाई (आईएएनएस)। तेलंगाना में सरकारी आवासीय स्कूलों में फूड पॉइजनिंग की एक और घटना में गुरुवार को नागरकुर्नूल जिले के एक आदिवासी आवासीय स्कूल में 26 छात्र बीमार पड़ गए।
 

हैदराबाद, 9 जुलाई (आईएएनएस)। तेलंगाना में सरकारी आवासीय स्कूलों में फूड पॉइजनिंग की एक और घटना में गुरुवार को नागरकुर्नूल जिले के एक आदिवासी आवासीय स्कूल में 26 छात्र बीमार पड़ गए।

अमराबाद मंडल के मन्नानूर गांव में स्थित चेंचु ट्राइबल गवर्नमेंट रेजिडेंशियल स्कूल में नाश्ते के बाद छात्र बीमार पड़ गए।

नाश्ते के कुछ ही देर बाद छात्रों को दस्त (डायरिया) की शिकायत हुई। बीमार छात्रों को तुरंत मन्नानूर सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पर्याप्त बेड न होने के कारण उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाना पड़ा।

अस्पताल प्रशासन ने बेड की कमी का हवाला दिया, जिसके कारण छात्रों को इलाज के लिए जमीन पर लेटाना पड़ा। अस्पताल में सुविधाओं की कमी को लेकर अभिभावकों ने अधिकारियों के सामने अपना विरोध दर्ज कराया।

बाद में बीमार छात्रों को अचंपेट एरिया हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया। कुछ छात्रों ने बताया कि उन्हें नाश्ते में परोसी गई 'खिचड़ी' में कीड़े दिखे थे।

यह घटना कामारेड्डी गुरुकुल स्कूल में हुई फूड पॉइजनिंग की घटना के कुछ ही दिनों बाद सामने आई है। वहां दोपहर का खाना खाने के बाद 33 छात्र बीमार पड़ गए थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से अब तक रेजिडेंशियल स्कूलों में फूड पॉइजनिंग की दो घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे इन स्कूलों में छात्रों को परोसे जाने वाले भोजन की सुरक्षा को लेकर चिंताएं फिर से बढ़ गई हैं।

पिछले साल जुलाई में, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने राज्य सरकार को संदिग्ध फूड पॉइजनिंग की 800 से ज्यादा घटनाओं की जांच करने और विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया था।

आयोग के अध्यक्ष जस्टिस वी. रामासुब्रमण्यन ने कहा कि आयोग ने इन पॉइजनिंग मामलों को गंभीरता से लिया है।

आयोग के ध्यान में यह बात आई कि तेलंगाना भर के गुरुकुल स्कूलों में फूड पॉइजनिंग की 886 घटनाएं हुई हैं, जिनमें लगभग 48 छात्रों की मौत हुई है।

इस बीच, निजामाबाद जिले में तेलंगाना यूनिवर्सिटी के छात्रों ने पीने के पानी की समस्या के समाधान की मांग को लेकर गुरुवार को जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया।

हाल के दिनों में पानी की उचित आपूर्ति न होने से नाराज छात्रों ने यूनिवर्सिटी पहुंची एक आरटीसी बस को रोककर विरोध जताया।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम