Aapka Rajasthan

मेरठ में राजस्थान रोडवेज की डबल डेकर एसी बस में लगी भीषण आग, सभी यात्री सुरक्षित

जयपुर, 26 जून (आईएएनएस)। राजस्थान रोडवेज की एक डबल डेकर एसी बस शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मेरठ में दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर हरिद्वार जाते समय भीषण आग की चपेट में आ गई। आग इतनी भयानक थी कि पूरी बस जलकर खाक हो गई।
 

जयपुर, 26 जून (आईएएनएस)। राजस्थान रोडवेज की एक डबल डेकर एसी बस शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मेरठ में दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर हरिद्वार जाते समय भीषण आग की चपेट में आ गई। आग इतनी भयानक थी कि पूरी बस जलकर खाक हो गई।

आग से उठ रहा काला धुआं करीब दो किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 26 यात्री सुरक्षित निकल आए और किसी को चोट नहीं आई।

बस रुकते ही यात्रियों ने इमरजेंसी दरवाजों और खिड़कियों से निकलकर अपनी जान बचाई। हालांकि अफरा-तफरी के बीच बस के लगेज कंपार्टमेंट में रखा कई लाख रुपए का सामान, बैग और कपड़े पूरी तरह जलकर राख हो गए।

प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक जयपुर के सूर्य नगर कॉलोनी निवासी राजेंद्र कुमार गुरुवार रात करीब 10 बजे जयपुर से हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। उनके साथ सीकर निवासी परिचालक रामकुमार हुड्डा भी थे।

शुक्रवार सुबह करीब 7:10 बजे जब बस मेरठ-मुजफ्फरनगर सीमा के पास पहुंची, तभी बस के पीछे लगे एयर कंडीशनर की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हो गया। देखते ही देखते बस के अंदर धुआं भरने लगा।

बस के पीछे चल रहे एक बाइक सवार ने बस के पिछले हिस्से से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं। उसने तुरंत बस को ओवरटेक कर चालक राजेंद्र कुमार को आग लगने की सूचना दी।

चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए दादरी फ्लाईओवर उतरने के बाद बस को हाईवे के किनारे रोक दिया।

उन्होंने परिचालक रामकुमार हुड्डा से सभी यात्रियों को तुरंत सुरक्षित निकालने और शांत रहने को कहा। जैसे ही यात्रियों को आग लगने का पता चला, बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई। मुख्य दरवाजे पर भीड़ होने के कारण कुछ युवा यात्रियों ने इमरजेंसी खिड़कियां खोलीं और उनसे कूदकर निकल गए, जिससे बाकी यात्रियों को भी जल्दी बाहर निकलने में मदद मिली। महज दो से तीन मिनट के भीतर सभी 26 यात्री सुरक्षित निकल गए।

सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालने के बाद चालक और परिचालक ने बस के लगेज कंपार्टमेंट को खोलकर सामान बचाने की कोशिश की। वे केवल दो-तीन बैग ही निकाल पाए थे कि तभी एसी की गैस पाइप फट गई और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

अपनी जान बचाने के लिए दोनों को पीछे हटना पड़ा। कुछ ही देर में पूरी बस और उसमें रखा बाकी सामान जलकर राख हो गया।

आग की वजह से दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे सूचना मिलने के बाद मेरठ और मुजफ्फरनगर से दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। सरधना से एक, मेरठ से दो और मुजफ्फरनगर से एक दमकल वाहन मौके पर पहुंचा।

हालांकि, 20 से 25 मिनट के भीतर पूरी बस जल चुकी थी, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू पाने में दमकल कर्मियों को करीब डेढ़ से दो घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।

घटना के बाद मेरठ पुलिस और उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग ने यात्रियों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की। बाद में सभी यात्रियों को दूसरी बस से सुरक्षित हरिद्वार भेजा गया, ताकि वे अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी