Aapka Rajasthan

एआई से निवेश तक, भारत करेगा 25 नेपाली स्टार्टअप्स को वैश्विक मंच पर आगे बढ़ाने में मदद

काठमांडू, 2 जून (आईएएनएस)। काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने भारत-नेपाल स्टार्टअप पार्टनरशिप नेटवर्क (इन-स्पैन) कार्यक्रम के दूसरे चरण की शुरुआत की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य नेपाली स्टार्टअप उद्यमियों को भारतीय स्टार्टअप इकोसिस्टम के साथ सीखने, सहयोग करने और नए अवसर हासिल करने का मंच उपलब्ध कराना है।
 
एआई से निवेश तक, भारत करेगा  25 नेपाली स्टार्टअप्स को वैश्विक मंच पर आगे बढ़ाने में मदद

काठमांडू, 2 जून (आईएएनएस)। काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने भारत-नेपाल स्टार्टअप पार्टनरशिप नेटवर्क (इन-स्पैन) कार्यक्रम के दूसरे चरण की शुरुआत की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य नेपाली स्टार्टअप उद्यमियों को भारतीय स्टार्टअप इकोसिस्टम के साथ सीखने, सहयोग करने और नए अवसर हासिल करने का मंच उपलब्ध कराना है।

भारतीय दूतावास के अनुसार, इस कार्यक्रम में नेपाल के 25 स्टार्टअप शामिल हुए हैं, जो तकनीक और नवाचार से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं। इन स्टार्टअप्स को उद्यमिता प्रशिक्षण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) स्किल डेवलपमेंट, निवेशकों के सामने प्रस्तुति की तैयारी, नेटवर्किंग और भारतीय स्टार्टअप्स के साथ इंटर्नशिप के अवसर प्रदान किए जाएंगे।

चयनित स्टार्टअप्स एआई, बायोटेक्नोलॉजी, क्लीन टेक्नोलॉजी, फिनटेक, हेल्थटेक, एग्रीटेक, ई-कॉमर्स, मोबिलिटी, मैन्युफैक्चरिंग एवं कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजी, एफएमसीजी, एयरोस्पेस, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) और सॉफ्टवेयर-एज-ए-सर्विस जैसे क्षेत्रों से जुड़े हैं।

आठ सप्ताह तक चलने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारत और नेपाल के बीच नवाचार आधारित सहयोग और उद्यमिता संबंधों को मजबूत बनाना है। दूतावास ने बताया कि पहले चार सप्ताह में प्रतिभागियों को गहन उद्यमिता प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद पांचवें और छठे सप्ताह में स्टार्टअप्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) को एआई आधारित विशेष कौशल प्रशिक्षण मिलेगा। सातवें और आठवें सप्ताह में बिजनेस नेटवर्किंग, निवेशकों से संवाद और स्टार्टअप पिच डेक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के दूसरे चरण का उद्घाटन चेन्नई स्थित आईआईटीएम प्रवर्तक टेक्नोलॉजीज फाउंडेशन में हुआ। इस अवसर पर आईआईटी मद्रास के शिक्षाविदों और आईआईएम प्रवर्तक टेक्नोलॉजीज फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एमजे शंकर रमन ने हिस्सा लिया।

नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रतिभागी स्टार्टअप्स की विविधता की सराहना की और उन्हें व्यापक स्टार्टअप इकोसिस्टम के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रोत्साहित किया।

भारतीय दूतावास ने 7 मई से नेपाली स्टार्टअप्स से आवेदन आमंत्रित किए थे और पात्र कंपनियों का चयन प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। इससे पहले दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 में आयोजित 'इन-स्पैन' के पहले चरण में 24 नेपाली स्टार्टअप्स ने भाग लिया था। उस दौरान साइबर सुरक्षा, ई-कॉमर्स, एआई, क्विक कॉमर्स, एडटेक, हेल्थकेयर, ड्रोन टेक्नोलॉजी, क्लीनटेक, एग्रीटेक, लीगल टेक, क्लाइमेट टेक, एयरोस्पेस और फिनटेक जैसे क्षेत्रों के स्टार्टअप्स शामिल हुए थे।

दूतावास के अनुसार, पहले चरण के दौरान कई नेपाली स्टार्टअप्स भारतीय कंपनियों के साथ व्यावसायिक साझेदारी स्थापित करने में सफल रहे। 9 नेपाली स्टार्टअप्स को आईआईटी मद्रास इनक्यूबेशन सेल और आईआईएम प्रवर्तक की ओर से इन्क्यूबेशन और निवेश के प्रस्ताव भी प्राप्त हुए थे। यह कार्यक्रम भारत-नेपाल नवाचार सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

--आईएएनएस

वीकेयू/वीसी