Aapka Rajasthan

जम्‍मू-कश्‍मीर: 13 आतंकी मामलों में वांछित पूर्व आतंकी को दो दशक बाद गिरफ्तार किया गया

जम्मू, 26 नवंबर (आईएएनएस)। रियासी पुलिस ने गुरुवार को 13 आतंकी मामलों में वांछित एक आत्मसमर्पण करने वाले आतंकवादी को गिरफ्तार कर लिया। यह आतंकी 20 साल से फरार चल रहा था।
 

जम्मू, 26 नवंबर (आईएएनएस)। रियासी पुलिस ने गुरुवार को 13 आतंकी मामलों में वांछित एक आत्मसमर्पण करने वाले आतंकवादी को गिरफ्तार कर लिया। यह आतंकी 20 साल से फरार चल रहा था।

एक बयान के मुताबिक, रियासी जिला पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। उन्होंने एक ऐसे भगोड़े और आत्मसमर्पण करने वाले आतंकवादी को गिरफ्तार किया है, जो दो दशकों से अधिक समय से फरार था। वह पुलिसकर्मियों की हत्या सहित कई आतंकी मामलों में शामिल था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान मोहम्मद मंशा के रूप में हुई है। वह रियासी जिले की तहसील थुरू के थुरू लसोली का रहने वाला है और फजल दीन का बेटा है। वह महोर पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर में वांछित था। इस मामले में आरपीसी की धारा 302, 307 और 121-ए, तथा आर्म्स एक्ट की धारा 7/25 के तहत केस दर्ज किया गया था। इस मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस का एक एसपीओ शहीद हो गया था।

जांच पूरी होने के बाद, आरोपी के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 512 के तहत अदालत में चार्जशीट पेश की गई थी और उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। रियासी के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने 6 दिसंबर 2001 को उसकी गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किया था।

मोहम्मद मंशा 2000-2007 के दौरान एक सक्रिय आतंकवादी था और उसने 2007 में सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। हालांकि, आत्मसमर्पण करने के बावजूद, वह कानूनी प्रक्रिया से बचता रहा और कानून की पकड़ से दूर रहा।

वह 2000 से 2007 के बीच दर्ज 13 आपराधिक मामलों में वांछित था। इन मामलों में हत्या, हत्या का प्रयास, आपराधिक साजिश, सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ना और आर्म्स एक्ट का उल्लंघन जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।

लगातार प्रयासों, सटीक योजना और विश्वसनीय खुफिया जानकारी जुटाने के बाद, महोर पुलिस स्टेशन और जिला 'एब्सकॉन्डर ट्रैकिंग यूनिट' (फरार अपराधियों को खोजने वाली इकाई) के कर्मियों को मिलाकर एक विशेष टीम बनाई गई और उसे अवंतीपोरा जिले के त्राल भेजा गया।

अपनी पेशेवर दक्षता, लगन और जिलों के बीच प्रभावी तालमेल के जरिए, इस टीम ने अवंतीपोरा पुलिस की मदद से आरोपी का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।

यह गिरफ्तारी रियासी जिला पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, जिसने दो दशकों से अधिक समय से चल रही तलाश को सफलतापूर्वक पूरा किया है।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम